Lucknow Weather : कोहरे ने सूर्य को लिया गिरफ्त में, 23 और 24 को हल्की बारिश के आसार
सोमवार को हो सकती है बदली सुबह कोहरा फिर साफ रहेगा मौसम 23-24 को बदली व हल्की बारिश के आसार।
लखनऊ, जेएनएन। राजधानी में शनिवार को भी सुबह के समय कोहरे और सूर्य में मशक्कत जारी रही। कोहरे ने सूर्य को अपनी गिरफ्त से आजाद नहीं किया। इसके चलते आलम यह रहा कि सुबह नौ बजे के बाद भी लोग सूर्य से आंखें मिलाने की हिमाकत करते दिखे। कोहरे के चलते सुबह शुक्रवार की अपेक्षा अधिक सर्द रही। फिलहाल रविवार को भी मौसम ऐसा ही रहने की उम्मीद है। हालांकि, दिन चढऩे के साथ मौसम साफ हो जाएगा और लोग छुट्टी में धूप का आनंद उठा सकेंगे।
शनिवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 7.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। हालांकि, अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 20.3 डिग्री रिकार्ड हुआ। यह शुक्रवार की अपेक्षा दो डिग्री अधिक रहा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार रविवार को सुबह कोहरा रहेगा, लेकिन दिन साफ रहेगा। इससे अधिकतम तापमान में कुछ वृद्धि होगी जबकि न्यूनतम तापमान में गिरावट होगी।
23 और 24 को मौसम करवट
मौसम विभाग के अनुसार 23 और 24 को मौसम करवट ले सकता है। बदली के साथ बारिश की संभावना है। राजधानी में भी बादलों की आवाजाही रहेगी। कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी और कहीं हल्की बारिश की भी संभावना है।
ठंड के साथ बढ़ा प्रदूषण
बीते तीन दिन से ठंड के साथ हवा में प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ रहा है। शनिवार को राजधानी में एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआइ) शुक्रवार की अपेक्षा 35 यूनिट बढ़कर 362 रिकॉर्ड किया गया। वहीं नोएडा में एक्यूआइ 474 की अत्यंत गंभीर रेंज में पहुंच गया। गे्रटर नोएडा में 467, गाजियाबाद में 454 व दिल्ली में एक्यूआइ 418 में रिकॉर्ड हुआ।