सहारनपुर में घुड़चढ़ी के दौरान दीवार गिरने से एक की मौत, दस घायल
सहारनपुर जिले के एक गांव में आज शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। यहां पर घुड़चढ़ी के दौरान दीवार गिरने से एक बच्चे की मौके पर मौत हो गई और दस बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गये हैं। सभी घायलों को आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया।
लखनऊ। सहारनपुर जिले के एक गांव में आज शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। यहां पर घुड़चढ़ी के दौरान दीवार गिरने से एक बच्चे की मौके पर मौत हो गई और दस बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गये हैं। सभी घायलों को आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सहारनपुर के नकुड़ के गांव धौराला में नवाब की कल शादी है। आज सुबह करीब दस बजे घुड़चढ़ी की रस्म चल रही थी। बराती नाचते-गाते वहां पहुंचे जहां बरात को ले जाने के लिए बस खड़ी थी। वहीं पर एक मकान है जिसकी दीवार के पास भैंस बंधी थी। डीजे के साथ घुड़चढ़ी हो रही थी। दीवार के पास काफी बच्चे व बड़े भी खड़े होकर घुड़चढ़ी देख रहे थे। इसी बीच डीजे की आवाज से भैंस बिदक गई और दीवार पर टक्कर मारने लगी। अचानक दीवार वहां खड़े लोगों पर गिर गई। दीवार गिरते ही अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने किसी तरह दीवार का मलबा हटाया और घायल हुए एक दर्जन बच्चों को अस्पताल भिजवाना शुरू किया। इसी बीच दीवार में दबे 12 वर्षीय विकास की मौत हो गई। एक बच्चे की मौत व दस से अधिक बच्चों के घायल होने से शादी की खुशी मातम में बदल गई। मृतक व घायलों के परिवार में कोहराम मच गया। बड़े-बुजुर्गों ने आपस में बातचीत कर सादगी के बीच कुछ बरातियों के साथ नवाब को दुल्हन लाने रवाना किया।