आईएएस छोड़ने वाले डॉ.राकेश वर्मा कांग्रेस में शामिल, प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने पार्टी में कराया शामिल
Dr Rakesh Varma: कांग्रेस में शामिल हुए UP कैडर के 2013 बैच के आईएएस अधिकारी डॉ.राकेश वर्मा 1997 बैच के ...और पढ़ें

उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने डॉ. राकेश वर्मा को सदस्यता ग्रहण कराई
HighLights
डॉ. राकेश वर्मा ने दिल्ली में राहुल गांधी को उपहार में दी थी अपनी पुस्तक
पूर्व डीआइजी सहित दर्जनों लोगों ने थामा कांग्रेस का दामन
सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक विषयों पर कर रहे लगातार कार्य
डिजिटल डेस्क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में दमदार प्रदर्शन की तैयारी में लगी कांग्रेस लगातार अपनी कुनबा बढ़ा रही है। बुधवार को आईएएस से स्वैछिक सेवानिवृति लेने वाले डॉ. राकेश वर्मा के साथ ही रिटायर्ड डीआईजी केके चौधरी और भाजपा व सपा के नेताओं कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। इन सभी के साथ अभिनेत्री जारा खान को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने सदस्यता ग्रहण कराई।
आईएएस से स्वैछिक सेवानिवृति लेने वाले डॉ. राकेश वर्मा ने बीते दिनों नई दिल्ली में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी से भेंट करने के बाद कांग्रेस में शामिल होने की इच्छा व्यक्त की थी। इस भेंट के दौरान डॉ. राकेश वर्मा ने राहुल गांधी को ट्रोल पुराण राहु से राहुल की यात्रा पुस्तक भेंट की थी।
कांग्रेस में शामिल हुए उत्तर प्रदेश कैडर के 2013 बैच के आईएएस अधिकारी डॉ.राकेश वर्मा 1997 बैच के यूपी पीसीएस अधिकारी रहे हैं और वर्ष 2020 में आईएएस से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (VRS) लेने के बाद से लगातार सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक विषयों पर सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं।

डॉ.राकेश वर्मा के पास 22 से अधिक वर्षों का प्रशासनिक, नीतिगत, तकनीकी और क्षेत्रीय नेतृत्व अनुभव है। वह अपने कार्यकाल के दौरान ग्राम पंचायत से लेकर विधानसभा और लोकसभा चुनावों तक संचालन करा चुके हैं। भारत निर्वाचन आयोग के पर्यवेक्षक के रूप में विभिन्न राज्यों में नौ बड़े चुनावी दायित्व को निभाया है।
इनके साथ सीतापुर निवासी पूर्व डीआइजी केके चौधरी, भाजपा नेता मनोज कुमार चौहान, हरवंश सिंह चौहान, सपा के प्रदेश सचिव सुनील कुशवाहा ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। सिद्धार्थनगर की राष्ट्रीय जन सरदार पार्टी के अध्यक्ष हेमन्त चौधरी ने अपनी पार्टी का कांग्रेस पार्टी में विलय करने की घोषणा की। उनके साथ पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सौरव सिंह सहित 32 प्रधान एवं 17 बीडीसी सदस्यों ने भी कांग्रेस का दामन थामा।
अभिनेत्री एवं समाज सेविका जारा खान ने भी अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश उपाध्यक्ष व पूर्वी जोन प्रभारी हसीब खान के माध्यम से कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ली। इसके अलावा मोहनलालगंज के नरेंद्र गौतम के नेतृत्व में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने कांग्रेस का हाथ थामा।
