विवेक तिवारी हत्याकांड: 'पुलिस अंकल, आप रोकेंगे तो पापा रुक जाएंगे, प्लीज...गोली मत मारिएगा'
यूपी की राजधानी में विवेक तिवारी हत्याकांड के बाद सोशल मीडिया पर पुलिस के खिलाफ लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है।
लखनऊ (जेएनएन)। यूपी की राजधानी में विवेक तिवारी हत्याकांड के बाद सोशल मीडिया पर पुलिस के खिलाफ लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है। लोगों ने उत्तर प्रदेश पुलिस के आरोपी कांस्टेबल प्रशांत चौधरी की मीडिया को दी जा रही सफाई पर सवाल खड़े किए। इस मामले में हरदोई की शाहाबाद विधानसभा सीट से भाजपा विधायक रजनी तिवारी ने भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर लखनऊ डीएम एवं पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
लखनऊ में कुछ गाड़ियों पर स्टीकर्स लगे हुए हैं जिन पर लिखा हुआ है- पुलिस अंकल...आप रोकेंगे तो पापा रुक जाएंगे। प्लीज, गोली मत मारिएगा।विवेक तिवारी हत्याकांड पर शाहाबाद से भाजपा विधायक रजनी तिवारी ने लिखा, 'इस घटना में लखनऊ के स्थानीय प्रशासन की कार्यशैली घोर निंदनीय है। प्रशासन ने मीडिया में अभियुक्त को गिरफ्तार बताया लेकिन अभियुक्त एफआइआर लिखवाने पहुंच गया। वहां न केवल मीडिया के सामने उपस्थित हुआ बल्कि बयान देते नजर आया है। पीड़ित परिवार के अनुसार जिलाधिकारी ने उन्हें धमकाया, जो बेहद शर्मनाक है। इन सब घटनाक्रम से प्रशासन का व्यवहार पक्षपातपूर्ण प्रतीत होता है।....मेरा आपसे आग्रह है कि लखनऊ के जिलाधिकारी और पुलिस प्रशासन के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने का कष्ट करें।'