चोरियों से परेशान ग्रामीणों ने ऐसे दबोचे तीन शातिर, सिर मुढ़वाकर निकाली गई बारात
वृंदावन योजना के उसर बरौली गांव में पंखा चुराकर भागते समय धरे गए चोर। कई दिनों से इलाके में हो रही थी चोरियां सूचना के छह घंटे बाद आयी पुलिस।
लखनऊ, जेएनएन। वृंदावन योजना के उसर बरौली गांव में गुरुवार सुबह ढोल नगाड़ों के बीच बारात निकल गई। लॉकडाउन में यह बारात तीन शातिर चोरों की निकली। जिनके सिर मुढ़वाकर ग्रामीणों ने पूरे गांव में घुमाया। सूचना पाकर मुस्तैद पुलिस छह घंटे में घटनास्थल पहुंची। तब ग्रामीणों ने चोरों को पुलिस के हवाले किया।
बरौली गांव में कई महीनों से घरों में चोरियां हो रही हैं। यहां रहने वाले नितिन दीक्षित के घर गुरुवार सुबह करीब पांच बजे कुछ आहट हुई। नितिन दीक्षित जागे तो सामने एक चोर घर का छत का पंखा उतारकर भागते हुए दिखा। नितिन दीक्षित ने शोर मचाया ही था कि घर के बाकी सदस्य भी जाग गए। नितिन दीक्षित पंखा ले जा रहे चोर को हैरान हो गए। चोर भी कुछ सकपका गया।
दरअसल यह चोर इसी गांव का रहने वाला राकेश था। अभी नितिन कुछ समझ ही पाते कि दूसरी ओर से मां की आवाज आयी। जाकर देखा तो दूसरा चोर हंसराज था जो भागने की कोशिश कर रहा था। घर के बरामदे में छिपे तीसरे चोर को नितिन के भाई ने ढूंढ निकाला। वह भी इसी गांव का दिलीप था। शोर सुनकर गांव वाले भी जमा हो गए। तीनों की जमकर पिटाई की गई।
तीनों ने बताया कि उनका एक साथी उपवन भी था। जो कि अब फरार हो गया है। सुबह पांच बजे ग्रामीणों ने इसकी सूचना पीजीआइ थाने पर दी। थाने से कोई नहीं आया तो ग्रामीणों ने तीनों को एक कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद करीब 10 बजे उनके सिर मुढ़वाकर जूते की माला पहनायी गयी। पीपा पीटते हुए उनकी बारात पूरे गांव में निकली। करीब 11 बजे पीजीआइ थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
भैंस भी थी चुरायी
नितिन दीक्षित के घर इससे पहले भैंस चोरी हो गई थी। उनका मोबाइल फोन भी इन चोरों ने गायब कर दिया था। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस इन चोरों को पकड़कर छोड़ देती है। जिससे गांव में चोरियां बढ़ रही हैं।