MP Governor लालजी टंडन की हालत में सुधार, डायलिसिस बंद; मिलने पहुंचे विधानसभा अध्यक्ष
यूरिनरी इंफेक्शन और बुखार होने पर 11 जून को मेदांता में कराया गया था भर्ती किडनी और लिवर का फंक्शन हुआ दुरुस्त।
लखनऊ, जेएनएन। राजधानी के मेदांता अस्पताल में भर्ती मध्य प्रदेश के राज्यपाल लालजी टंडन की हालत में सुधार है। उनकी डायलिसिस बंद कर दी गई है। मगर, वेंटिलेटर सपोर्ट कायम है। शुक्रवार को टंडन का हालचाल लेने यूपी विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित पहुंचे।
लालजी टंडन को यूरिनरी ट्रैक्ट इंफेक्शन और सांस लेने में तकलीफ होने पर 11 जून को मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इस दौरान पेट में ब्लीडिंग होने पर उनका ऑपरेशन भी किया गया। इसके बाद हालत नाजुक हो गई। वह वेंटिलेटर पर चले गए। लिवर-किडनी फंक्शन गड़बड़ा गया। सांस लेने में तकलीफ होने पर जहां वेंटिलेटर सपोर्ट देना पड़ा, वहीं किडनी में दिक्कत होने पर डायलिसिस करनी पड़ रही थी।
अस्पताल के मेडिकल डायरेक्टर डॉ. राकेश कपूर के मुताबिक राज्यपाल की हालत में अब सुधार आ रहा है। उनकी डायलिसिस बंद कर दी गई है। किडनी और लिवर का फंक्शन ठीक हुआ है। शुक्रवार शाम साढ़े पांच बजे यूपी विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित अस्पताल पहुंचे। उन्होंने डॉक्टरों से उनकी तबीयत के बारे में जानकारी ली।
गौरतलब है कि लालजी टंडन का हालचाल जानने के लिए गत मंगलवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान मेदांता अस्पताल पहुंचे थे। वहां वे राज्यपाल से मिले और उनका इलाज कर रही डॉक्टरों की टीम से उनकी तबीयत के बारे में जानकारी ली थी। इसके बाद मीडिया से मुखातिब शिवराज ने कहा था कि बाबूजी को विश्वस्तरीय इलाज मिल रहा है। इलाज की जो व्यवस्था है, उससे मैं पूरी तरह संतुष्ट हूं। मुझे पूरा विश्वास है कि वह जल्द स्वस्थ होंगे और हमारे मंत्रिमंडल का जो विस्तार होना है, उसमें मंत्रियों को शपथ भी दिलाएंगे।