लखनऊ-सीतापुर राष्ट्रीय राजमार्ग के इटौंजा टोल पर परेशान हुए वाहन चालक, एसटीएफ से नहीं मिला सर्वर
Itainja Toll Plaza: भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) का दावा था कि सर्वर एसटीएफ जल्द से जल्द वापस कर देगी।
HighLights
टोल पर वाहनों के नंबर नोट करने से लगी लाइन
एसटीएफ ने सर्वर से निकाला तीन वर्ष का डाटा
टोल पर लगी एक किमी. की लाइन, वाहन चालक परेशान
जागरण संवाददाता, लखनऊ : लखनऊ-सीतापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार दोपहर दो बजे से बंद टोल का सर्वर बुधवार शाम तक नहीं मिल सका था। वहीं टोल एजेंसी ने वाहनों के नंबर टोल पर नोट करने शुरू कर दिए। इसके कारण इटौंजा टोल पर लंबी वाहनों की लाइन लग गई। शाम पांच बजे तक सर्वर वापस नहीं मिला था।
एजेंसी का मकसद है कि वाहनों की संख्या के आधार पर एसटीएफ से अपने नुकसान की भरपाई कर सके। यह सर्वर एसटीएफ जांच के लिए अपने साथ ले गई थी। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) का दावा था कि सर्वर एसटीएफ जल्द से जल्द वापस कर देगी। टोल वसूलने का काम लखनऊ सीतापुर एक्सप्रेसवे लिमिटेड एजेंसी के कर्मियों द्वारा शुरू किया जा सका। उधर एसटीएफ के सर्वर से तीन वर्ष का डाटा निकालने की बात सामने आ रही है।
टोल सूत्रों के मुताबिक सर्वर से फास्टैक के जरिए जितने भी ट्रांजेक्शन जिस बैंक में हुए हैं, उसका ब्योरा भी सर्वर से एसटीएफ ने निकलवा लिया। एसटीएफ को शक है कि इस सर्वर के समानांतर दूसरा सर्वर लगाकर वाहनों की रसीद कही काटी तो नहीं जा रही थी और इसका पैसा किसी और खाते में जा रहा था।
उधर सवाल भी खड़े हो रहे हैं कि मौके से जो सर्वर मिला है, वह एक हैं, उसके समानांतर चलने वाला कोई दूसरा सर्वर नहीं मिला है। ऐसे में जो सर्वर एसटीएफ साथ ले गई थी, अगर वह सही है तो उससे कुछ हाथ नहीं लगेगा। हालांकि टोल निजी कंपनी संचालित कर रही है, इसलिए यह खेल कोई दूसरा कैसे करेगा। टोल संचालक को तो प्रतिदिन के हिसाब से पैसा एनएचएआई को धन देना है, चाहे टोल वसूली हो या न हो। इसमें नुकसान सरकार का कहां हो रहा है।
एसटीएफ सूत्रों के मुताबिक सर्वर के जरिए मानक से अधिक वजन वाले वाहनों को भी सामान्य दर का टोल लेकर जाने दिया गया है, उसका ब्योरा आरटीओ को उपलब्ध कराकर उनसे राजस्व की वसूली होगी। इसके अलावा बिना फास्टैग वाले वाहनों को आनलाइन पेमेंट न लेकर नगद लेकर जाने दिया गया, इसकी जांच भी होगी। सर्वर में वाहनों का नंबर, मानक से अधिक भार होने का जिक्र के साथ ही जिनसे जुर्माना लिया गया है, उसका भी डाटा है।
