यमुना एक्सप्रेस-वे पर फर्राटा भरना पड़ सकता है महंगा, कहीं तीसरी नजर काट न दे आपका चालान Lucknow News
आगरा टोल प्लाजा पर निगरानी के लिए परिवहन विभाग की टीम ने शुरू किया काम। तय मानक से अधिक रफ्तार भरेगा टोल पर उसे रोककर तय जुर्माना वसूला जाएगा।
लखनऊ [नीरज मिश्र]। दर्जनों जानलेवा हादसों का सबब बने यमुना एक्सप्रेस-वे पर बेलगाम फर्राटा भरने वाले चालकों की अब खैर नहीं है। उन पर अब लगाम कसेगी। परिवहन विभाग ने ओवर स्पीड वाहनों की निगरानी का फैसला लेते हुए कार्रवाई भी शुरू कर दी है।
इसके लिए यमुना एक्सप्रेस-वे स्थित आगरा टोल प्लाजा को बतौर ट्रायल गोद (एडाप्ट) लिया गया है। करीब 165 किमी के दायरे में कैमरों से वाहन चालकों पर नजर रखी जा रही है। जो भी तय मानक से अधिक रफ्तार भरेगा, टोल पर उसे रोककर तय जुर्माना वसूला जाएगा। परिवहन विभाग की टीम ने औसतन सौ वाहनस्वामियों पर रोज कार्रवाई शुरू कर दी है।
व्यवस्था बनाने के लिए अपर परिवहन आयुक्त ने बीते दिनों डीएम, एसएसपी, डीटीसी समेत तमाम जिम्मेदार एजेंसियों को पत्र लिखकर सहयोग मांगा है। योजना के मुताबिक, एक्सप्रेस-वे पर परिवहन विभाग के अधिकारियों की टीमें रोस्टर के हिसाब से करीब नौ घंटे की निगरानी ड्यूटी करेंगी। बीते शनिवार से इस मुहिम पर काम शुरू हो गया है।
पायलट प्रोजेक्ट के रूप में कोशिश
सड़क हादसे रोकने के लिए परिवहन विभाग पायलट प्रोजेक्ट के रूप में यमुना एक्सप्रेस-वे से इसकी शुरुआत कर रहा है। आगरा स्थित टोल प्लाजा के कंट्रोल रूम से जुड़े कक्ष में परिवहन विभाग के अधिकारी दलबल के साथ मौजूद रहेंगे। हरेक वाहन की स्पीड पर नजर रहेगी। जो भी तय मानक से ऊपर जाएगा, साक्ष्य दिखाकर उससे जुर्माना वसूला जाएगा।
कई किमी दूर से होगी निगरानी
अपर परिवहन आयुक्त सड़क सुरक्षा गंगाफल के मुताबिक, करीब 165 किमी का दायरा निगरानी में रहेगा। वाहनस्वामी ने कब और कहां ओवर स्पीडिंग की, इसके सुबूत टोल प्लाजा से जुटाए जाएंगे।
24 घंटे में तेज गति से पास होते 5000 वाहन
जांच के बाद एक्सप्रेस-वे के रूटों का आकलन किया गया तो पता चला कि चौबीस घंटे में करीब पांच हजार वाहन तय मानक से ज्यादा रफ्तार से गुजरते हैं। बाद में यही हादसे की वजह बन जाते हैं।
वहीं सड़क सुरक्षा अपर परिवहन आयुक्त गंगाफल का कहना है कि आदेश जारी कर दिए गए हैं। बीते शनिवार से परिवहन विभाग की टीम ने काम भी शुरू कर दिया है। हमारी मंशा जुर्माना वसूलने की नहीं है। नियम कानून के प्रति सचेत करने की है। दो हजार रुपया जुर्माना ओवर स्पीडिंग पर भरना पड़ेगा। रोज सौ वाहन चालकों पर कार्रवाई शुरू हो गई है। तय स्थानों से एक्सप्रेस वे पर तीन ओर से नजर रखी जा रही है। कुछ स्थानों पर पुलिस और इस टोल प्लाजा पर परिवहन विभाग की टीम कार्रवाई करेगी।