विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भीषण गर्मी और लू की चपेट में उत्तर प्रदेश, दुन‍िया के टॉप 100 गर्म शहरों में शामि‍ल हैं यूपी के 40 शहर

Published: Thu, 21 May 2026 02:13 PM (IST)

उत्तर प्रदेश भीषण गर्मी और लू की चपेट में है, बांदा लगातार चौथे दिन दुनिया का सबसे गर्म शहर बना। ...और पढ़ें

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

ड‍िज‍िटल डेस्‍क, नई दि‍ल्ली। उत्तर प्रदेश इस समय भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। बुंदेलखंड से लेकर पूर्वांचल और मध्य व पश्चिमी यूपी तक आसमान से आग बरस रही है। बांदा ज‍िला लगातार चौथे दिन दुनिया का सबसे गर्म शहर बना। वहीं, टॉप 100 गर्म शहरों की लिस्ट में अकेले 40 शहर यूपी के हैं। एक दर्जन से अधिक जिलों में दिन का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस पार कर चुका है। आज और कल यानी गुरुवार और शुक्रवार को 11 जिलों में लू को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के मुताब‍िक, बुधवार को बांदा में अधिकतम तापमान 48 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लखनऊ, प्रयागराज, झांसी, हमीरपुर, चित्रकूट, आगरा, कानपुर, वाराणसी और फतेहपुर समेत कई जिलों में सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवा ने लोगों को परेशान क‍िया। फिलहाल, 25 मई तक तपिश भरी गर्मी और लू से राहत के आसार नहीं हैं।

दुन‍िया के सबसे गर्म शहरों में शामि‍ल है बांदा, क्‍यों?

वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ कमजोर पड़ने और शुष्क हवा के कारण प्रदेश में गर्मी का तेवर तल्ख हुआ है। यही कारण है कि बांदा पिछले चार दिनों से देश और एशिया ही नहीं, बल्कि दुनिया के सबसे गर्म शहरों में शामिल हो रहा है।

 WhatsApp Image 2026-05-21 at 3.12.41 PM

तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।

लखनऊ में दिन का पारा 43.2 डिग्री और रात का तापमान 28.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। गुरुवार को खबर ल‍िखे जाने तक राजधानी का तापमान 42 ड‍िग्री सेल्‍स‍ियस रहा। प्रयागराज में दिन का तापमान 46.4, हमीरपुर में 46.2, झांसी में 45.9, उरई में 45.2 और बुलंदशहर में 45 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, 30 डिग्री सेल्सियस के साथ फतेहगढ़ में सबसे गर्म रात रही।


भीषण गर्मी का और लू का असर स्वास्थ्य सेवाओं पर भी दिखाई देने लगा है। सरकारी और निजी अस्पतालों में हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन, उल्टी-दस्त, चक्कर और बेहोशी के मरीजों की संख्या में तेजी से वृद्धि हो रही है। डॉक्टरों ने बुजुर्गों, बच्चों और पहले से बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। बिजली और पानी की मांग में भी रिकार्ड बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। कई जिलों में बिजली की खपत अब तक के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई है।

 


तापमान में अभी और भी बढोत्तरी होगी। सीधी धूप व लू से लोगों को बचना चाहिये। दोपहर में घर में ही रुके। यदि मजबूरी में निकलना पड़े तो शरीर पूरी तरह से ढक निकलें। अगले दो दिन में तापमान कम होने की संभावना है।- दिनेश साहा, मौसम विज्ञानी, बांदा

 

डॉक्‍टर की सलाह

  • धूप में निकलने से बचें, खाली पेट घर से बाहर न निकलें।
  • खाने में स्वच्छता का ध्यान रखें, मसालेदार भोजन न करें।
  • तरल पदार्थों का ज्यादा सेवन करें, एक बार में अधिक खाने से परहेज करें।
  • तला भूना व मसालेदार फास्ड फूड से परहेज करें।
  • आरामदायक कपड़े पहनें, चेहरे व सिर को ढक कर ही बाहर निकले।