विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

प्रदेश की रिजर्व बसों का होगा सदुपयोग, दीपावली से छठ तक UP Roadways चलाएगा तीन हजार विशेष बसें

Published: Wed, 28 Oct 2026 08:05 PM (IST)

UPSRTC Sprcial Buses on Deepawali and Chhath Puja: तीन हजार अतिरिक्त बसों की व्यवस्था दस प्रतिशत रिजर्व कोटे और शेष बसों के फेरे बढ़ाकर करेगा।

दीपावली से लेकर छठ तक तीन हजार विशेष बसों के संचालन का फैसला

दीपावली से लेकर छठ तक तीन हजार विशेष बसों के संचालन का फैसला

HighLights

  1. स्पेशल बसों से संचालन से आम यात्रियों को भी नहीं होगी परेशानी

  2. धनतेरस से होगा संचालन, छठ के बाद तक जारी रहेगा आवागमन

  3. परिवहन विभाग के पास 14 हजार से अधिक बसें, इनमें एसी और सामान्य भी

डिजिटल डेस्क, लखनऊ : उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम ने त्यौहारों पर लोगों को अपने गतव्य तक पहुंचाने के लिए दीपावली से लेकर छठ तक तीन हजार विशेष बसों के संचालन का फैसला लिया है। यूपी रोडवेज के इस कदम से आम यात्री को जरा सी भी परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी।

यूपी रोडवेज तीन हजार अतिरिक्त बसों की व्यवस्था दस प्रतिशत रिजर्व कोटे और शेष बसों के फेरे बढ़ाकर करेगा। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन विभाग के पास वर्तमान में 14 हजार से अधिक बसें हैं, इनमें से दस प्रतिशत हमेशा रिजर्व कोटे में रहती हैं। छठ पर तो यह बसें बिहार तक भी चलाई जाएंगी।

परिवहन निगम के प्रधान प्रबंधक संचालन अनिल कुमार ने बताया, दीपावली से छठ तक बसें चलाने के लिए दिशा-निर्देश तैयार हैं। इनको शीघ्र ही जारी कर दिया जाएगा। यह भी निर्देश होगा कि जिस मार्ग पर यात्री मिले वहां के लिए बसें अनिवार्य रूप से भेजी जाएं। सभी क्षेत्रों को जरूरत के हिसाब से यात्रियों की मांग के अनुरूप भेजना होगा। अतिरिक्त बसों की व्यवस्था के दौरान बसों के ड्राइवर व कंडक्टरों को विशेष प्रोत्साहन भत्ता का लाभ मिलेगा।

दीपावली से छठ पर्व के बाद तक परिवहन निगम प्रदेश भर में 3000 अतिरिक्त बसों का संचालन करेगा। इनमें डिपोवार रिजर्व बसों के साथ ही बसों के फेरे बढ़ाकर यात्रियों का आवागमन सुगम किया जाएगा। बसों का आवागमन धनतेरस छह नवंबर से एक दिन पहले शुरू होकर छठ पर्व के बाद तक चलेगा। दूसरे राज्यों से आने वालों को घर पहुंचाने के लिए परिवहन निगम की बसें मुख्य मार्गों के साथ ही जिले के सामान्य रूटों पर भी चलेंगी। परिवहन निगम ने इसका ब्योरा तैयार कर लिया है।

लखनऊ से सबसे अधिक बसों का संचालन लखनऊ-दिल्ली, लखनऊ-गोरखपुर, दिल्ली, आजमगढ़, बहराइच, बलरामपुर व प्रयागराज जैसे मार्गों के लिए होगा। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के बेड़े में इस समय 14110 बसें हैं। सभी 20 क्षेत्र पूरी क्षमता के साथ महापर्व पर बसों का संचालन करेंगे। त्योहार पर यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशनों की साफ-सफाई के साथ ही पानी, बैठने आदि का प्रबंध करने के भी निर्देश दिए गए हैं। बस स्टेशनों पर सहायता केंद्र भी खोले जाएंगे साथ ही रवाना होने वाली बसों की डिजिटल समय सारिणी लगाई गई है।