विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'बिल्ड फॉर यूपी' में 'पेट्रो वाटर' ने मारी बाजी, सीएम योगी के स्टार्टअप विजन से मेरठ के युवाओं ने सीखी उद्यमिता

Published: Wed, 30 Sep 2026 05:50 PM (IST)

योगी सरकार के 'यूपीराइज 2026' कार्यक्रम के तहत मेरठ के एमआईईटी में 'बिल्ड फॉर यूपी' पिच फिनाले का आयोजन हुआ, ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. यूपीराइज 2026' कार्यक्रम मेरठ के एमआईईटी में सफलतापूर्वक आयोजित किया गया।

  2. 'बिल्ड फॉर यूपी' पिच फिनाले में 'पेट्रो वाटर' विजेता घोषित हुआ।

  3. युवाओं को नवाचार और उद्यमिता से जोड़ने का योगी सरकार का अभियान।

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश के युवाओं को सिर्फ डिग्री तक सीमित न रखकर उन्हें नवाचार, उद्यमिता और व्यावहारिक कौशल से जोड़ने की दिशा में योगी सरकार का अभियान तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसी कड़ी में टाइम्स नेटवर्क और जूम के सहयोग से मेरठ के एमआईईटी (MIET) में 'यूपीराइज 2026' (UPRise 2026) कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस कैंपस इनोवेशन और करियर ड्राइव का मुख्य उद्देश्य स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए युवाओं की रचनात्मक सोच को मंच देना और उन्हें स्टार्टअप ईकोसिस्टम के लिए तैयार करना रहा।

स्टार्टअप और स्वरोजगार से जुड़ रहा यूपी का युवा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन के अनुरूप, उत्तर प्रदेश सरकार युवाओं को शिक्षा के साथ-साथ रोजगार और उद्यमिता के बेहतरीन अवसर मुहैया करा रही है। यूपीराइज 2026 का यह विश्वविद्यालय दौरा छात्रों को कैंपस स्तर पर अपने व्यावसायिक विचार प्रस्तुत करने और विशेषज्ञों से सीधा मार्गदर्शन प्राप्त करने का एक अनूठा मंच दे रहा है। मेरठ से पहले यह प्रतिष्ठित अभियान कानपुर, आगरा, लखनऊ, रायबरेली, मथुरा, बरेली और सहारनपुर जैसे प्रमुख शहरों में युवाओं के बीच उद्यमिता की अलख जगा चुका है।

'बिल्ड फॉर यूपी' में दिखा छात्रों का दम, 'पेट्रो वाटर' बना विजेता

एमआईईटी कैंपस में आयोजित इस कार्यक्रम के एक्टिवेशन जोन में छात्रों का गजब का उत्साह देखने को मिला। सीएम-युवा योजना के जागरूकता स्टॉल से लेकर 'शक्ति जोन' की स्टिकी-नोट दीवार तक, हर गतिविधि ने छात्रों को बांधे रखा। मुख्य आकर्षण 'बिल्ड फॉर यूपी पिच फिनाले' रहा, जहां 12 छात्र टीमों ने स्थानीय समस्याओं के समाधान पर अपने इनोवेटिव आइडियाज जूरी के सामने पेश किए। लाइव मूल्यांकन के बाद 'पेट्रो वाटर' (Petro Water) को विजेता घोषित कर मंच पर 25,000 रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया गया। वहीं, 'न्यूरो ग्रिप' रनर अप-1 और 'एग्री नोवा' रनर अप-2 के रूप में चमके।

विशेषज्ञों के मार्गदर्शन ने संवारी करियर की राह

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश भाजपा की प्रदेश मंत्री महामेधा नागर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और युवा नेतृत्व व सहभागिता पर जोर दिया। इसके अलावा, छात्रों को इंडस्ट्री के दिग्गजों का सीधा सानिध्य मिला। मेंटर पैनल में शामिल हर्षित देसाई (कंज्यूमर इंटरनेट प्रोडक्ट्स विशेषज्ञ), जयराज जाधव (डिजिटल मार्केटिंग व ई-कॉमर्स एक्सपर्ट) और बिपाशा सारंगी (क्रिएटिव प्रोड्यूसर) ने छात्रों को प्रोडक्ट डेवलपमेंट, डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन और क्रिएटिव स्टोरीटेलिंग की बारीकियां सिखाईं, जिससे उनके विजन को एक नई दिशा मिली।

डिजिटल प्लेटफॉर्म पर 2 लाख युवाओं तक पहुंची गूंज

आयोजन की भव्यता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि इसमें करीब 1,650 लोगों ने पंजीकरण कर सीधे हिस्सा लिया। वहीं, डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से इस कार्यक्रम की पहुंच लगभग दो लाख लोगों तक रही, जबकि ऑफलाइन रूप से आठ हजार लोगों ने इससे जुड़ाव महसूस किया। कैंपस एंबेसडर सलोनी शर्मा, आदर्श शुक्ला और आस्था चौहान की सक्रियता ने छात्रों की भागीदारी बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई। पूरे परिसर में यूपीराइज की शानदार ब्रांडिंग, ऑक्टोनॉर्म एक्टिवेशन जोन और व्यवस्थित साइनेज ने आयोजन को एक कॉर्पोरेट और प्रोफेशनल लुक प्रदान किया।