UPPSC एग्जाम होंगे और सुरक्षित, गोपनीय छपाई- सिक्योरिटी सिस्टम के लिए मिले 46.18 करोड़
उत्तर प्रदेश सरकार ने यूपीपीएससी भर्ती परीक्षाओं को अधिक सुरक्षित और गोपनीय बनाने के लिए अनुपूरक बजट में 46.19 करोड़ रुपये का 'गुप्त सेवा व्यय' स्वीकृत किया है।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
यूपीपीएससी परीक्षाओं की सुरक्षा और गोपनीयता बढ़ाने हेतु राशि।
46.19 करोड़ रुपये 'गुप्त सेवा व्यय' के लिए स्वीकृत।
पेपर लीक रोकने को गोपनीय छपाई, परिवहन पर खर्च।
राज्य ब्यूरो, जागरण, लखनऊ: उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) की भर्ती परीक्षाओं को अधिक सुरक्षित, गोपनीय और पारदर्शी बनाने के लिए सरकार ने अनुपूरक बजट में ‘गुप्त सेवा व्यय’ के लिए 46.19 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। हाल के वर्षों में विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं के बाद सरकार परीक्षाओं की सुरक्षा व्यवस्था लगातार मजबूत कर रही है। इसी उद्देश्य से आयोग की गोपनीय व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ करने के लिए यह प्रविधान किया गया है। इसका नाम भले ही ‘गुप्त सेवा व्यय’ हो, लेकिन इसका संबंध किसी खुफिया या जासूसी एजेंसी से नहीं है। यह राशि केवल भर्ती परीक्षाओं की गोपनीयता और शुचिता बनाए रखने के लिए खर्च की जाती है। गुप्त सेवा व्यय ऐसी संवेदनशील गतिविधियों के लिए होता है, जिनका विवरण सार्वजनिक नहीं किया जा सकता। इस मद का उपयोग प्रश्नपत्र तैयार कराने, उनकी अत्यंत गोपनीय छपाई, उत्तर पुस्तिकाओं की जांच कराने वाले परीक्षकों की पहचान सुरक्षित रखने, उन्हें पारिश्रमिक उपलब्ध कराने तथा प्रश्नपत्रों के सुरक्षित परिवहन और स्ट्रांग रूम की सुरक्षा जैसी व्यवस्थाओं पर करता है। गोपनीयता बनाए रखने के लिए सार्वजनिक वाउचर या रसीदें संलग्न नहीं की जातीं। आयोग के सचिव या अध्यक्ष नियंत्रक अधिकारी के रूप में गोपनीय अभिलेख सुरक्षित रखते हैं और प्रमाणित करते हैं कि राशि निर्धारित उद्देश्य पर ही खर्च की गई है।
------------
