उत्तर प्रदेश में 10 हजार युवाओं को मिलेगा रोजगार, योगी सरकार ने कर दी बड़ी व्यवस्था
नई दिल्ली में हुए उप्र-जापान निवेश सम्मेलन में एस्कार्ट्स कुबोटा और मिंडा कॉर्पोरेशन ने यीडा में ₹3195 करोड़ के प्रोजेक्ट्स का वर्चुअल भूमिपूजन किया।

HighLights
नई दिल्ली में उप्र-जापान निवेश सम्मेलन संपन्न हुआ।
एस्कार्ट्स कुबोटा, मिंडा कॉर्प ने ₹3195 करोड़ निवेश किया।
यीडा क्षेत्र में 10,000 से अधिक रोजगार सृजित होंगे।
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। कानून-व्यवस्था में सुधार और औद्योगिक नीतियों में कई महत्वपूर्ण बदलावों से राज्य में निवेश का माहौल बनाने में जुटी उत्तर प्रदेश सरकार को बड़ी सफलता मिली है।
उत्तर प्रदेश और जापान के बीच बढ़ती औद्योगिक साझेदारी के तहत बुधवार को नई दिल्ली में आयोजित उप्र-जापान निवेश सम्मेलन, 2026 में एस्कार्ट्स कुबोटा लिमिटेड और मिंडा कारपोरेशन लिमिटेड की 3195 करोड़ रुपये की परियोजना का वर्चुअल भूमिपूजन किया गया।
यीडा (यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण) क्षेत्र में लगने वाली इन परियोजनाओं से 10 हजार से अधिक रोजगार के अवसर पैदा होने की संभावना जताई गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दावा किया है कि उत्तर प्रदेश आज देश की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है और यह निवेश व नवाचार के नए केंद्र के रूप में उभरा है।
ट्रैक्टर और निर्माण उपकरण बनाने वाली एस्कार्ट्स कुबोटा लिमिटेड यीडा के सेक्टर-10 में 2029 करोड़ का निवेश कर विनिर्माण इकाई लगा रही है। यहां ट्रैक्टर और उपकरण संबंधी उत्पादों का निर्माण किया जाएगा। परियोजना से 3800 से अधिक लोगों को रोजगार का अवसर मिलने की उम्मीद है।
वहीं, मिंडा कारपोरेशन लिमिटेड भी यीडा में दो बड़े विनिर्माण प्रोजेक्ट शुरू कर रही है। कंपनी इन परियोजनाओं में कुल 1166 करोड़ का निवेश करेगी। इससे करीब 6440 रोजगार का अवसर पैदा होगा। प्रत्यक्ष रोजगार के अलावा इन परियोजनाओं के जमीन पर उतरने से यीडा में औद्योगिक गतिविधियों के साथ सहायक उद्योगों और सप्लाई चेन के लिए भी नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।
वर्चुअल भूमिपूजन के मौके पर योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत और जापान का संबंध सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विश्वास पर आधारित है। इसमें भगवान बुद्ध की करुणा, जीवन का अनुशासन व मध्यम मार्ग तथा दोनों देशों के साझा मूल्य हैं।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन, स्पष्ट नीति, साफ नीयत और दृढ़ संकल्प के साथ निरंतर सुधार करते हुए उत्तर प्रदेश आज भारत के विकास का ग्रोथ इंजन बना है।
पिछले नौ वर्षों में सुरक्षा, स्थायित्व और गति के साथ उत्तर प्रदेश के बजट, जीएसडीपी (सकल राज्य घरेलू उत्पाद) और प्रति व्यक्ति आय को तीन गुणा करने में सफलता मिली है।
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भारत और जापान दो अत्यंत प्राचीन और महान राष्ट्र हैं। हमारा संबंध केवल दो देशों का नहीं, बल्कि दो संस्कृतियों का संवाद, दो सभ्यताओं का संगम और दो संकल्पों का समन्वय है।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि उत्तर प्रदेश-जापान निवेश सम्मेलन भारत-जापान तथा उत्तर प्रदेश-यामानाशी प्रांत के संबंधों को और अधिक मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
भारत की आर्थिक वृद्धि को दुनिया ने स्वीकार किया है। भारत छह से आठ प्रतिशत की सतत वृद्धि दर, नियंत्रित महंगाई और स्वस्थ बैलेंस शीट के साथ आगे बढ़ रहा है। इस दौरान उप्र के संसदीय कार्यमंत्री सुरेश खन्ना, एस्कार्ट्स कुबोटा लिमिटेड के अध्यक्ष शिंगो हानाडा और स्पार्क मिंडा कारपोरेशन लिमिटेड के कार्यकारी निदेशक आकाश मिंडा भी उपस्थित थे।
