विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

UPITS-2026: डेयरी सेक्टर में 695 करोड़ का निवेश, यूपी के 2500 युवाओं को मिलेगा रोजगार

Published: Wed, 30 Sep 2026 08:01 PM (IST)

उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS-2026) में डेयरी क्षेत्र को 695.18 करोड़ रुपये का निवेश मिला है, जिससे प्रदेश के ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. यूपीआईटीएस-2026 में डेयरी क्षेत्र को 695 करोड़ का निवेश मिला।

  2. इस निवेश से 2500 से अधिक युवाओं को सीधा रोजगार मिलेगा।

  3. ऐस इंटरनेशनल ने 457 करोड़ का सबसे बड़ा निवेश किया।

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (यूपीआईटीएस-2026) राज्य के युवाओं के लिए रोजगार के बड़े अवसर लेकर आया है। इस ट्रेड शो में डेयरी क्षेत्र की 22 कंपनियों ने उत्तर प्रदेश में 695.18 करोड़ के निवेश का प्रस्ताव दिया है। इस भारी-भरकम निवेश से प्रदेश के 2500 से अधिक युवाओं को सीधे तौर पर रोजगार और नौकरियां मिलेंगी। 'उप्र दुग्धशाला विकास व दुग्ध उत्पाद प्रोत्साहन नीति-2022' के तहत मिले इन प्रस्तावों से राज्य के दुग्ध उद्योग को एक नई दिशा मिलने जा रही है।

इस ट्रेड शो में डेयरी क्षेत्र में सबसे बड़ा निवेश ऐस इंटरनेशनल लिमिटेड की ओर से किया जा रहा है। कंपनी के प्रतिनिधि आदित्य गोयल के अनुसार, उत्तर प्रदेश निवेश के लिए सबसे उपयुक्त गंतव्य है। ऐस इंटरनेशनल हाथरस, अलीगढ़ और आगरा में कुल 457 करोड़ का निवेश करेगी, जिससे 1500 युवाओं को रोजगार से जोड़ा जाएगा।

इसके साथ ही केयरब्रो इनोवेटर्स प्रा. लि. ने 100 करोड़ के निवेश का प्रस्ताव दिया है। निवेशक अमित सिंह ने बताया कि उनकी कंपनी अयोध्या, लखनऊ, मेरठ और बरेली में निवेश कर 250 से अधिक युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित करेगी। यूपीआईटीएस-2026 में दुग्धशाला विकास विभाग, सहकारी और निजी डेयरी उद्यमियों के स्टॉल पर निवेशकों और आगंतुकों की भारी भीड़ देखी गई। यहां पराग-अमूल, नमस्ते इंडिया, पारस डेयरी, ज्ञान डेयरी, न्यू एरा डेयरी, अल्फा मिल्क फूड्स और सीपी मिल्क जैसी प्रमुख कंपनियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान विभाग के अधिकारियों ने निवेशकों को सरकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी और उद्यमियों को प्रमाण पत्र भी बांटे।

विभाग को मिले शीर्ष 5 निवेश प्रस्ताव:

कंपनी का नाम निवेश प्रस्ताव रोजगार प्रस्तावित जनपद
ऐस इंटरनेशनल लिमिटेड 457 करोड़ 1500 हाथरस, अलीगढ़ व आगरा
केयरब्रो इनोवेटर्स प्रा. लि. 100 करोड़ 250 अयोध्या, मेरठ, लखनऊ व बरेली
अंजुम डेयरी 50 करोड़ 40 मुरादाबाद, अमरोहा व रामपुर
ग्विन व्हे प्रोटीन एलएलपी 27 करोड़ 250 एटा, फिरोजाबाद व इटावा
गौरी फूड एंड बेवरेजेज 14.65 करोड़ 55 झांसी

उत्तर प्रदेश की दुग्ध आयुक्त धनलक्ष्मी के. ने इन निवेश प्रस्तावों को राज्य के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि यूपीआईटीएस-2026 में दुग्धशाला विकास विभाग को 695.18 करोड़ के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जो प्रदेश के विभिन्न जनपदों में जल्द धरातल पर उतरेंगे। इससे 2500 से अधिक युवाओं को रोजगार मिलेगा और विभाग अन्य निवेशकों को भी प्रदेश में आमंत्रित करने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।