विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

15 दिन तक खराब नहीं होने वाला 'समोसा' और 60 तरह के इत्र, UPITS 2026 में प्रयागराज के उद्यमी बिखेरेंगे जलवा

Published: Wed, 23 Sep 2026 09:09 PM (IST)

प्रयागराज के उद्यमी 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा में होने वाले 'उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो' 2026 में ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. प्रयागराज के उद्यमी यूपीआईटीएस 2026 में करेंगे उत्पादों का प्रदर्शन।

  2. 15 दिन तक खराब न होने वाले पैक्ड समोसे होंगे खास आकर्षण।

  3. मूंज उत्पाद और 60 प्रकार के इत्र भी बिखेरेंगे अपनी खुशबू।

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। ग्रेटर नोएडा में 25 से 29 सितंबर तक आयोजित होने वाले 'उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो' (यूपीआईटीएस) 2026 में प्रयागराज के उद्यमी अपने व्यापारिक कौशल और नवाचार की चमक बिखेरने के लिए तैयार हैं। प्रदेश सरकार की इस पहल से संगम नगरी के स्थानीय हस्तशिल्पियों, उद्यमियों और खानपान कारोबारियों को एक बड़ा अंतरराष्ट्रीय मंच मिल रहा है। इस वर्ष जिले की भागीदारी बढ़ाते हुए कुल 10 उद्यमियों को ट्रेड शो में हिस्सा लेने का अवसर मिला है, जो आवंटित स्टॉलों के जरिए ग्लोबल पटल पर प्रयागराज के उत्पादों का डंका बजाएंगे।

हस्तशिल्प, खानपान और परिधानों के 12 स्टॉल

यूपीआईटीएस के चौथे संस्करण में प्रयागराज के उद्यमियों की व्यापक विविधता देखने को मिलेगी। उपायुक्त उद्योग शरद टंडन के अनुसार, इस बार ओडीओपी (एक जनपद एक उत्पाद) श्रेणी में 3 इकाइयों, एमएसएमई में 5, 'नवोदित निर्यातक' में 1 और ओडीओसी (एक जनपद एक व्यंजन) श्रेणी में 1 इकाई का चयन किया गया है। इन सभी उद्यमियों को कुल 12 स्टॉल आवंटित किए गए हैं, जहां संगम नगरी के परंपरागत हस्तशिल्प, परिधान और खानपान का अनूठा मेल प्रस्तुत किया जाएगा।

ग्लोबल पहचान बनाएंगे मूंज के ईको-फ्रेंडली उत्पाद

ओडीओपी श्रेणी के तहत प्रयागराज के परंपरागत मूंज उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पेश किया जाएगा। इस श्रेणी में मूंज के उत्पाद बनाने वाली इकाई 'द परफेक्ट बाजार' को चुना गया है। इकाई के पार्टनर पवन कुमार मिश्रा ने बताया कि उन्हें हॉल नंबर 10 में स्टॉल आवंटित हुआ है। यहां विभिन्न श्रेणियों में एक दर्जन से अधिक तरह के ईको-फ्रेंडली मूंज उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे, जो ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर पहले से ही ग्राहकों के लिए उपलब्ध हैं।

15 दिन खराब न होने वाले 'पैक्ड समोसे' का बिखरेगा स्वाद

उत्तर प्रदेश के व्यंजनों की ग्लोबल ब्रांडिंग के लिए शुरू की गई ‘एक जनपद एक व्यंजन’ (ODOC) योजना के तहत प्रयागराज के पैक्ड समोसे इंटरनेशनल ट्रेड शो में स्वाद का तड़का लगाएंगे। ओडीओसी श्रेणी को पहली बार यूपीआईटीएस में शामिल कर निःशुल्क स्टॉल दिया गया है। बलुआ घाट स्थित मुंडा स्नैक्स के प्रतिनिधि अमित यादव ने बताया कि ट्रेड शो के लिए विशेष ड्राई मसाला समोसे के 5 हजार से अधिक पीस तैयार किए गए हैं। इनकी पैकिंग इतनी खास है कि ये समोसे 15 दिनों तक खराब नहीं होते। इसके अलावा खानपान श्रेणी में केशरी गृह उद्योग, इकावा एग्रो और श्याम डेयरी के उत्पाद भी प्रदर्शित होंगे।

खादी के परिधान और 60 तरह के इत्र की महक

ट्रेड शो में प्रयागराज के हुनर की विविधता परिधानों और इत्र के रूप में भी सामने आएगी। परिधान श्रेणी में पुष्पांजलि की मिली मेहरोत्रा, अकील एम्ब्रायडरी के अकील अहमद और पवन मिश्रा ग्रामोद्योग के पवन मिश्रा खादी, कॉटन, हैंड प्रिंटिंग और एम्ब्रॉयडरी का जादू बिखेरेंगे। इसके साथ ही, पहली बार एमएसएमई श्रेणी में 'whiffhaus fragrance' को जगह मिली है। इकाई के प्रतिनिधि अनवर आजम के मुताबिक, उनके स्टॉल पर परंपरा और आधुनिकता का मिश्रण लिए 60 अलग-अलग तरह के इत्र ट्रेड शो में अपनी खुशबू का अहसास कराएंगे।