लखनऊ, जासं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भारी बारिश के बाद प्रदेश भर में मंगलवार की सुबह छिटपुट बारिश और हल्की धूप के साथ सुबह की शुरुआत हुई। आज भी कानपुर, हरदोई, उन्नाव, आगरा, अलीगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में में हुई छिटपुट बारिश से मौसम में गर्मी का एहसास रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले तीन दिनों तक मौसम सुहाना रहेगा। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एम दानिश के अनुसार, सोमवार को भी बारिश के बाद अब गुरुवार तक मौसम में कुछ खास परिवर्तन नहीं होंगे।
ठंडी हवाओं का असर बना रह सकता है। आठ से 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलती हवाओं के कारण दिन में सिहरन हो सकती है। दो फरवरी से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। यह ईरान और अफगानिस्तान से होते हुए देश में दस्तक देगा लेकिन इसका असर प्रदेश में नहीं पड़ेगा। पश्चिमी हिमालय क्षेत्रों से होते हुए इस पश्चिमी विक्षोभ से कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में बारिश के आसार हैं। सोमवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया प्रदेश भर में बादलों की आवाजाही ने तापमान में अधिक बढ़ोतरी नहीं होने दे सबसे अधिक तापमान बस्ती में 26 डिग्री सेल्सियस और प्रयागराज में 25.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
न्यूनतम तापमान में भी आमूलचूल परिवर्तन ही दर्ज हुए सबसे कम तापमान अयोध्या और फुरसतगंज में 7.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, मंगलवार को लखनऊ और आसपास के जिलों में सुबह के समय हल्की से मध्यम कोहरा रह सकता है। दिन के समय धूप निकलने से मौसम साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज हो सकता है।
कानपुर में बूंदाबांदी से बदला मौसम, मंगलवार को भी गरज-चमक के साथ बारिश के आसार
मौसम वैज्ञानिकों को सुबह-शाम के मौसम में तेज बदलाव के मिल रहे संकेतों का प्रमाण सोमवार की शाम शहर में लोगों ने देखा जब अचानक बदले मौसम के बाद बूंदाबांदी होने लगी। इससे मौसम में सर्दी भी बढ़ गई। वैज्ञानिकों के अनुसार मंगलवार को भी मौसम में बदली छाए रहने के आसार हैं। सोमवार की सुबह बादल छाए रहने के साथ हुई लेकिन आठ बजे तक सूरज चमकने लगा। दिन में अच्छी धूप रही जिसकी वजह से लोगों ने मौसम विभाग की सूचनाओं को अनदेखा किया लेकिन दोपहर बाद लगभग चार बजे मौसम तेजी से बदला।
पहले बदली का माहौल बना और शाम लगभग सात बजे बूंदाबांदी होने लगी। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ जम्मू कश्मीर और आसपास के क्षेत्रों पर बना हुआ है। चक्रवाती हवाओं ने भी राजस्थान के मध्य भाग में अपना ठिकाना बना लिया है। एक गहरा किन्तु कम दबाव वाला क्षेत्र बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्व और इससे सटे पूर्वी भूमध्यरेखीय हिंद महासागर के ऊपर बना हुआ है। इसके पश्चिम-उत्तर व उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और दक्षिण पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक तनाव युक्त वातावरण में बदलने की उम्मीद है। हवा का यह दबाव बुधवार एक फरवरी तक श्रीलंका तट के पास पहुंच जाएगा।
मंगलवार को ऐसा रहेगा मौसम चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डा एस एन सुनील पांडेय के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान पश्चिमी हिमालय में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना बनी हुई है। उत्तर प्रदेश के पश्चिमी और मध्य क्षेत्र यानी रूहेलखंड और कानपुर-ब्रज क्षेत्र में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। उत्तर और उत्तर पूर्व मध्य प्रदेश में अलग-अलग जगहों पर बारिश हो सकती है। कानपुर और आस-पास के क्षेत्रों में मंगलवार को गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इसके बाद मौसम साफ होने की संभावना है।