लखनऊ, जेएनएन। UP Weather Update Today पहाड़ों पर बर्फबारी होने और उत्तर पश्चिमी दिशा से सर्द हवा चलने से गुरुवार सुबह मौसम सर्द रहा। बुधवार को भी न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। सुबह से सर्द हवा चलने से शहरवासियों की कंपकंपी छूट गई। वहीं दोपहर में गुनगुनी धूप होने से लोगों को आंशिक राहत महसूस होने की उम्मीद है। मौसम विज्ञानी का दावा है कि फरवरी माह के पहले सप्ताह में सुबह और शाम को शीतलहर चलने से लोगों को सर्दी का अहसास होता रहेगा।
सुबह और शाम को घना कोहरा छाने के आसार हैं। सीएसए कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञान केंद्र में बुधवार को अधिकतम तापमान 20.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पूरे दिन में उत्तर पश्चिम दिशा से 9.3 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चलती रही। मौसम विज्ञानी के डा. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी हो रही है। वहां से इस सप्ताह कानपुर मंडल में सर्द हवा आती रहेगी। गुनगुनी धूप रहेगी।
बर्फीली हवा चलने से अधिकतम व न्यूनतम तापमान में उतार चढ़ाव बना रहेगा। रात का न्यूनतम पारा करीब 10 डिग्री सेल्सियस और दिन का अधिकतम तापमान करीब 22-24 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने के आसार हैं। आगामी दिनों में किसी तरह के विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना काफी कम हैं। उन्होंने बताया कि अब आगे वर्षा के आसार नहीं हैं, इसलिए किसानों को फसलों पर सिंचाई के लिए ध्यान देना होगा।
आगरा में मौसम लगातार करवट ले रहा है। तेज धूप की संभावना व्यक्त करने के बाद अब मौसम विभाग धुंध की चादर बिछने की सूचना भी दे रहा है। सात फरवरी तक कोहरा छाएगा। बुधवार को तेज धूप निकली लेकिन हवा में ठंडक रही। बुधवार को अधिकतम तापमान 22.5 और न्यूनतम 10.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार से हल्की धुंध छाएगी। तापमान में न वृद्धि होगी और न ही गिरावट आएगी। ठंडी हवा चलती रहेगी।
बरेली में दो दिन पहले निकली धूप से लोगों को राहत थी। मौसम विभाग भी पांच फरवरी तक लगातार धूप निकलने का अनुमान लगा रहा था। मगर बुधवार सुबह ही अचानक से मौसम का मिजाज बदल गया। सुबह से ही काले बादलों के साथ ठंडी हवाएं चलने लगी। काले घने बादलों को देखकर लोग वर्षा का अनुमान लगा रहे थे। मगर दोपहर में निकली तेज धूप ने चेहरे पर खुशी ला दी।
मौसम वैज्ञानिक डा. आरके सिंह ने बताया कि, पांच फरवरी तक वैसे मौसम साफ होगा। मगर पहाड़ों पर हुई बर्फबारी की वजह से ठंडी हवाएं चल रही हैं। जब तक यह बर्फ जमा रहेगी। तब तक पछुआ हवाओं के साथ ठंडक रहेगी। शीत लहर चलने की भी आंशका हैं। पहाड़ों पर बर्फ की वजह से मैदानी इलाकों में भी काफी नमी हैं। जिसकी वजह से रात में हर दिन आंशिक बादल छाए रहेंगे। दोपहर तक पूरी तरह से मौसम साफ होगा और तेज धूप निकलेगी। मगर रात को कोहरे की चादर लोगों को थोड़ा परेशान कर सकती है। बाकी अभी ठंडी हवाओं की वजह से तापमान में गिरावट हो सकती है।