लखनऊ, जेएनएन। UP Weather Update Today फरवरी अभी शुरू ही हुई है लेकिन बढ़ते तापमान में गर्मी दिखानी शुरू कर दी है। दिन के समय तपती धूप से गर्मी का एहसास हो रहा है। वही रात के समय हवा से सिहरन हो रही है। आलम यह है कि इस वर्ष फरवरी के पहले सप्ताह में ही मौसम सामान्य तापमान से एक से दो डिग्री तक बढ़कर दर्ज किया जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 15 दिनों तक मौसम इसी तरह बना रहेगा।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र केंद्र वरिष्ठ वैज्ञानिक एम दानिश के अनुसार राजधानी का सामान्य रूप से अधिकतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रहता है लेकिन 31 जनवरी से ही तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। इस समय भी तापमान 26 और 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज हो रहा है। आने वाले सप्ताह में भी दिन के समय धूप से गर्मी बढ़ेगी।
रात में हल्की हवा चलेगी लेकिन ठंड का असर कम होता जाएगा। अधिकतम तापमान में दो डिग्री और न्यूनतम तापमान में एक डिग्री तक की बढ़त रहेगी। मंगलवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज हुआ वहीं न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी समेत प्रदेश भर में अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी शुरु हो गई है। प्रदेश में सर्वाधिक तापमान वाराणसी में 31.1 डिग्री, कानपुर में 30.8 डिग्री और झांसी में 30.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी होने लगी है। सबसे कम तापमान मुजफ्फरनगर में 8.6 डिग्री रहा। सोमवार को यह 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार लखनऊ और आसपास के जिलों में सुबह के समय हल्का कोहरा हो सकता है। हालांकि दिन के समय धूप के साथ मौसम शुष्क रहेगा। अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज हो सकता है।