UP Weather: यूपी में IMD ने जारी किया हल्की से झमाझम बारिश का अलर्ट, अयोध्या-बाराबंकी में तापमान @12.5 डिग्री
UP Weather Update Today यूपी के अयोध्या-बाराबंकी में बेमौसम बारिश के बाद तापमान जहां करीब 12.5 डिग्री पहुंच गया है। वहीं मौसम विभाग ने कल से फिर प्रदेश में तेज आंधी तूफान के साथ बारिश की चेतावनी जारी की है।
लखनऊ, जासं। UP Weather Update Today लगातार एक सप्ताह तक तेज हवाओं के साथ छिटपुट बारिश ने फरवरी से चली आ रही गर्मी को खत्म कर मौसम सुहाना बनाया। वहीं, बुधवार को सुबह से ही बादलों की आवाजाही रही। दिन के समय धूप भी निकली। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार और शनिवार को प्रदेश के कई हिस्सों में छिटपुट बारिश के आसार हैं। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एम दानिश के अनुसार, गुरुवार से पहाड़ों से आने वाला नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है।
पहाड़ों से आने वाली हवा प्रदेश से होकर गुजरेगी। इस दौरान पश्चिमी यूपी के जिलों में तेज बारिश के साथ कुछ जगहों पर ओले पड़ सकते हैं। वहीं, प्रदेश के अलग अलग हिस्सों में हल्की-फुल्की बारिश के आसार हैं। प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों में मौसम साफ रहेगा। इन जिलों में अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तो वहीं न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।
बुधवार को राजधानी का अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस कम रहकर 28.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया वहीं न्यूनतम तापमान भी 2.3 डिग्री सेल्सियस की कमी के साथ 14.7 डिग्री सेल्सियस पर रहा। प्रदेश में सबसे अधिक तापमान प्रयागराज में 31.8 डिग्री और झांसी में 31.2 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज हुआ। अधिकतर जिलों में तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास ही रहा।
प्रदेश का सबसे कम तापमान अयोध्या और बाराबंकी में 12.5 डिग्री सेल्सियस और बरेली में 12.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, लखनऊ और आसपास के जिलों में गुरुवार को आसमान साफ रहेगा। प्रदेश भर में अधिकतर हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा। अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज हो सकता है।
धीमी हुई हवा की रफ्तार फिर भी लोगों ने सुबह महसूस की सर्दी
उत्तर-पश्चिम से बह रही सर्द हवाओं ने शहर पर छाए बारिश एवं आंधी -तूफान के वायुमंडलीय दबाव को कम कर दिया इसकी वजह से बुधवार को पूरे दिन बारिश नहीं हुई लेकिन नए वायुमंडलीय दबाव भी बनना शुरू हो गए हैं इससे गुरुवार व शुक्रवार को बारिश की आशंका बढ़ गई है। मौसम ने बुधवार को अचानक पलटा खाया है। एक दिन पहले चली सर्द हवाओं की वजह से बुधवार की सुबह अच्छी-खासी सर्दी महसूस हुई।
न्यूनतम तापमान भी गिरकर 13 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया लेकिन दिन में हवा की रफ्तार कम होने से धूप चटख हो गई। सर्द हवाओं के चलने की वजह से रात और दिन दोनों के तापमान में कमी दर्ज हुई है। बुधवार को दिन का अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्ससिय रहा। चंद्रशेखर आजाद कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डा एसएन सुनील पांडेय के अनुसार सर्द हवाओं की रफ्तार तेज होने से शहर के ऊपर बना बारिश का मौसम बदल गया।
जो हवाएं शहर के ऊपर इकठ्ठा हो रही थीं वह बिखर गईं लेकिन नया वायुमंडलीय दबाव बन रहा है। इसका असर शुक्रवार और शनिवार को दिखेगा। शुक्रवार को कानपुर व आस-पास के इलाकों में बारिश होने की पूरी संभावना बनी हुई है। सर्द हवा के चलने से हालांकि गुरुवार को भी तापमान कम रहेगा। लोगों को एहतियात बरतने की जरूरत है।