Move to Jagran APP

UP Weather Update : उत्तर प्रदेश में बारिश से तापमान गिरा, किसानों के चेहरे पर भी चमक

उत्तर प्रदेश में बीते 24 घंटों से बदली बूंदाबांदी और बारिश के कारण तापमान में आई गिरावट ने लोगों को गर्मी से राहत दी और किसान भी खुश दिखे।

By Umesh TiwariEdited By: Published: Fri, 05 Jun 2020 11:08 PM (IST)Updated: Sat, 06 Jun 2020 01:15 AM (IST)
UP Weather Update : उत्तर प्रदेश में बारिश से तापमान गिरा, किसानों के चेहरे पर भी चमक
UP Weather Update : उत्तर प्रदेश में बारिश से तापमान गिरा, किसानों के चेहरे पर भी चमक

लखनऊ, जेएनएन। उत्तर प्रदेश में बीते 24 घंटों से बदली, बूंदाबांदी और बारिश के कारण तापमान में आई गिरावट ने लोगों को गर्मी से राहत दी और किसान भी खुश दिखे। धान की नर्सरी लगाने और फसल के लिए खेत तैयार करने का सिलसिला शुरू हो गया है। गन्ना और आम के लिए यह बारिश खासी उपयोगी भी है। 

loksabha election banner

मौसम विज्ञानियों के अनुसार यह बदलाव निसर्ग तूफान के प्रभाव के कारण आया है। पूर्वानुमान के अनुसार शनिवार को भी बादलों की आवाजाही जारी रहेगी। यूपी में कुछ स्थानों पर बौछारें भी पड़ सकती हैं, लेकिन रविवार से मौसम साफ होने की उम्मीद है। पश्चिमी विक्षोभ के चलते राजस्थान में बने कम दबाव के क्षेत्र से प्रदेश में तीन-चार दिन से बारिश का सिलसिला जारी है। अयोध्या में नरेंद्रदेव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार शनिवार को भी हल्की बारिश की उम्मीद है।

बारिश के हादसे में तीन लोगों की मौत : पूर्वांचल के वाराणसी, चंदौली, सोनभद्र, गाजीपुर, जौनपुर, मीरजापुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया आदि जिलों में निसर्ग के चलते गुरुवार रात झमाझम बारिश हुई। शुक्रवार को भी बादल छाए रहे। वाराणसी में 24 घंटे के दौरान 64.3 मिलीमीटर बारिश हुई। इसके साथ ही न्यूनतम तापमान भी घटकर 21.6 डिग्री पर आ गया है। मीरजापुर के बरौंधा बाजार में गुरुवार रात बारिश के दौरान एक मकान का बारजा गिरने से उसमें दबकर बिलकिस बेगम (55) व मुन्नी (50) की मौत हो गई, जबकि घायल दो वर्षीय बच्ची वानिया ने रास्ते में दम तोड़ दिया।

दो हिस्सों में बंटी सड़क : सहारनपुर में गुरुवार रात हुई बारिश के बाद देवबंद-मंगलौर मार्ग पर एक जगह जैसे ही केमिकल से भरा ट्रक गुजरा तो सड़क धंस गई। ट्रक के अगले पहिए टूटकर अलग जा गिरे जबकि, पिछले पहिए और धुरा सड़क में धंस गए। ट्रक के चालक और परिचालक ने कूदकर जान बचाई।

नर्सरी लगाने वाले किसानों को फायदा : प्रयागराज में रुक रुककर रिमझिम बारिश होती रही। गुरुवार शाम से अब तक 44.6 मिमी. बारिश रिकार्ड की गई। इससे धान की नर्सरी लगाने वाले किसानों को फायदा है। प्रतापगढ़ में 10 मिमी वर्षा रिकार्ड की गई। गोरखपुर और आसपास के क्षेत्रों में पूरे दिन आसमान में काले बादल छाए रहे। रिमझिम बारिश का सिलसिला पूरे दिन चलता रहा। बीते 24 घंटे में 29.7 मिमी बारिश रिकार्ड की गई। तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई है। शुक्रवार को गोरखपुर का अधिकतम तापमान 25.5 तो न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

बादलों से धूप की लुकाछिपी : पश्चिम उत्तर प्रदेश के आगरा में सुबह से ही धूप और बादलों में लुकाछिपी होने लगी। मथुरा में दिन में कई बार धूप निकली, तो कई बार बादल भी छा गए। अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। फीरोजाबाद में बूंदाबांदी तो कासगंज में दिनभर बादल छाए रहे। मैनपुरी और एटा में मौसम सामान्य रहा। बरेली, पीलीभीत, बदायूं, रामपुर और आसपास के जिलों में गुरुवार से छाए बादल शुक्रवार दिनभर रिमझिम बरसते रहे। इससे लोगों ने राहत महसूस की। बारिश से सहारनपुर में देवबंद-रुड़की मार्ग दो हिस्सों में बंट गया। इससे कई हादसे होते होते बचे। इससे आवागमन बाधित हुआ। दोपहर बाद मार्ग ठीक होने पर पुलिस ने वाहनों का संचालन शुरू कराया।

अवध में पड़तीं रहीं फुहारें : अवध क्षेत्र में बदली और रिमझिम फुहार से गन्ना और आम की फसल को फायदा हुआ और खेती की तैयारी शुरू हो गई। मेंथा और जायद की फसल को आंशिक नुकसान का खतरा जरूर रहा। अयोध्या में शुक्रवार को सुबह से शुरू हुआ फुहारें पडऩे का सिलसिला दिन भर रुक-रुककर जारी रहा। गोंडा और बहराइच में दोपहर बाद करीब 18 मिमी बारिश दर्ज की गई। ऐसा ही मौसम श्रावस्ती और अंबेडकरनगर में भी रहा। लखीमपुर और सीतापुर में गुरुवार रात से घिरी बदली दिनभर बरसती रही। हरदोई और बाराबंकी में रिमझिम बारिश का सिलसिला लोगों को राहत महसूस कराता रहा। हालांकि रायबरेली और सुलतानपुर वालों को बूंदाबांदी से संतोष करना पड़ा।

किसानों के चेहरे पर चमक : रिमझिम फुहारों से किसानों के चेहरे चमक उठे। किसान धान की नर्सरी को बोने के लिए खेतों की मेड़ बांधने में जुट गए। बाराबंकी में बारिश के चलते मेंथा पेराई का कार्य आंशिक रूप से प्रभावित हुआ है। गन्ना किसान फायदे में रहे। उनकी फसल सिंचाई बच गई। धान के लिए पलेवा का काम कई किसानों ने शुरू कर दिया है।विभिन्न जिलों के कृषि अधिकारियों के मुताबिक अब तक फसल को कोई नुकसान नहीं है। यदि तेज बारिश हुई हुई तो जायद की फसल को कुछ नुकसान हो सकता है। जबकि खाली खेत में पानी भरने पर धान की नर्सरी लगाने के लिए किसान को राहत मिलेगी। 

मीरजापुर में तीन लोगों की मौत पर सीएम योगी दुखी : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को मीरजापुर में आंधी तूफान और बारिश से हुई तीन व्यक्तियों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगतों के परिवारीजनों को चार-चार लाख रुपये की राहत राशि तत्काल वितरित करने का निर्देश दिया है। मृतकों के शोक संतप्त परिवारजन के प्रति संवेदना व्यक्त करने के साथ उन्होंने अधिकारियों को पूरी तत्परता से पीड़ितों को राहत और मदद पहुंचाने का निर्देश दिया है। घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था करने के लिए भी कहा है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.