Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Monsson Update In UP: यूपी में मानसून की अच्छी बारिश, कैसा रहेगा जुलाई में मौसम का हाल; देखिए IMD का ताजा अपडेट

    Updated: Tue, 01 Jul 2025 07:13 AM (IST)

    Monsoon Update लखनऊ समेत उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश से मौसम सुहाना हो गया। मौसम विभाग के अनुसार मानसून पूरे प्रदेश में सक्रिय है और जुलाई में भी सामान्य से अधिक वर्षा का अनुमान है। लखनऊ में अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जुलाई में प्रदेश के उत्तरी पूर्वी मैदानी क्षेत्रों को छोड़कर अन्य भागों में अधिक वर्षा का अनुमान है।

    Hero Image
    प्रस्तुतीकरण के लिए सांकेतिक तस्वीर का प्रयोग किया गया है।

    जागरण संवाददाता, लखनऊ। राजधानी समेत राज्य के अधिकतर जिलों में सोमवार को हुई भारी बारिश ने मौसम सुहाना कर दिया, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से बड़ी राहत मिली। जून माह में लखनऊ में मानसून उतना सक्रिय नहीं रहा, लेकिन प्रदेश की बात करेें तो सामान्य से 11 प्रतिशत अधिक बरसात हुई। मौसम विभाग के अनुसार, अब मानसून पूरी तरह से उत्तर प्रदेश में सक्रिय हो चुका है और इसका असर राज्य के सभी इलाकों में देखा जा रहा है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    जुलाई में भी सामान्य से अधिक वर्षा के पूर्वानुमान हैं। फिलहाल, अभी शुरू हुआ बारिश का यह सिलसिला पूरे सप्ताह जारी रहेगा। सोमवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अगले चार-पांच दिन दिन और रात का पारा सामान्य से नीचे रहेगा।

    मौसम विभाग का पूर्वानुमान, जुलाई में भी जमकर बरसेंगे बादल

    वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, मानसून 29 जून को प्रदेश के बचे हुए हिस्सों के साथ पूरे देश में सक्रिय हो चुका है। पिछले 24-36 घंटों के दौरान प्रदेश के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा के साथ कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश दर्ज की गई। आगामी 24-48 घंटों के दौरान प्रदेश के विभिन्न भागों में भारी वर्षा होगी। इसका असर पूरब से पश्चिम तक होगा।

    यहां सबसे अधिक बारिश

    वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि जून में जहां पूर्वी उत्तर प्रदेश में वर्षा सामान्य से 15% कम 92.6 मिमी रही, वहीं पश्चिमी प्रदेश में सामान्य से 60% अधिक 125.4 मिमी. रिकार्ड की गई। जून माह की कुल औसत वर्षा सामान्य से 11% अधिक 106.1 मिमी रही। जून महीने में बिजनौर में सर्वाधिक 235.8 मिमी. बारिश रिकार्ड की गई। इसी क्रम में जुलाई महीने के दौरान प्रदेश के उत्तरी पूर्वी मैदानी क्षेत्र में सामान्य औसत वर्षा को छोड़कर अन्य भागों में सामान्य से अधिक वर्षा होने के पूर्वानुमान हैं।