Move to Jagran APP

UP Weather Today: बादल की वजह से सूरज का तेज हुआ हल्‍का, इन शहरों में बारिश की उम्‍मीद, जानिए कैसा रहेगा आज यूपी का मौसम

UP Weather Today अप्रैल की शुरुआत की गर्मी से लोगों का हाल बेहाल हो गया था। जैसे-जैस दिन आगे बढ़ रहा था वैसे-वैसे ही गर्मी अपना प्रचंड रुप दिखा रही थी। हालांकि बीते दो दिनों से सूरज का तेज बादल की आड़ से हल्‍का हो गया है। यहां प्रदेश के कई हिस्‍सों बारिश हुई है तो कई जगहों पर बारिश होने वाली है। जानिए आज यूपी का मौसम कैसा रहेगा।

By Jagran News Edited By: Vivek Shukla Sat, 13 Apr 2024 07:27 AM (IST)
UP Weather Today: बादल की वजह से सूरज का तेज हुआ हल्‍का, इन शहरों में बारिश की उम्‍मीद, जानिए कैसा रहेगा आज यूपी का मौसम
वाराणसी में मौसम में उतार-चढ़ाव जारी है। कई दिनों से रह-रहकर बादल छाए हुए हैं।

 डिजिटल डेस्‍क, लखनऊ। UP Weather Today अप्रैल के शुरू में मौसम ने जो तेवर दिखाए थे वह अब फीके पड़ने लगे हैं। बीते दो दिनों से लोगों को थोड़ी राहत मिली है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार ताजनगरी आगरा में रविवार को ओला पड़ सकता है।

आगरा: रविवार को हो सकती है ओला वृष्टि

आगरा में मौसम विभाग ने रविवार को ओला वृष्टि के पूर्वानुमान के साथ चेतावनी जारी की है। 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को सुरक्षित स्थान पर रहने को एडवाइजरी जारी की है। शुक्रवार को सुबह से शाम तक बादलों व सूरज के बीच लुकाछिपी चलती रही। अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। शुक्रवार को सुबह से बादल छाए रहे।

दोपहर में एक बजे के करीब धूप जरूर निकली, लेकिन थोड़ी ही देर में बादल घिर आए। अधिकतम तापमान में करीब एक डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जबकि न्यूनतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि देखने को मिली। मौसम विज्ञानी मो. दानिश के अनुसार 13 अप्रैल को वर्षा या गरज के साथ बौछार पड़ सकती हैं।

वहीं आज माैसम विभाग का पूर्वानुमान है कि शनिवार को तेज हवा के साथ वर्षा या गरज के साथ बाैछार पड़ सकती हैं। न्यूनतम तापमान में वृद्धि और अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी।

इसे भी पढ़ें- गोरखपुर-बस्‍ती मंडल में अंतिम प्रकाशन के बाद मतदाता सूची में बढ़े 77 हजार वोटर

बरेली में तेज धूप में झुलस रहा चेहरा

बरेली में पिछले तीन दिनों से जिले का तापमान 38 डिग्री सेल्सियस पर रुका हुआ है जबकि न्यूनतम तापमान में उतार चढ़ाव जारी है। स्थिति यह है कि अधिकतम और न्यूनतम तापमान में दो गुणा का अंतर चल रहा है। तापमान अधिक होने की वजह से लोगों की स्किन पर असर पड़ना शुरू हो गया है। काले धब्बे, झाइयां जैसी शिकायतें जिला अस्पताल में आना शुरू हो गई हैं। वहीं बरेली में शनिवार को हल्की वर्षा होने का अनुमान हैं।

गोरखपुर में शनिवार को आसमान में छिटपुट बादल छाए रहेंगे। देवरिया और बस्ती में छिटपुट बादल छाए रहने का पूर्वानुमान है। वहीं कानपुर में गरज-चमक, धूल भरी आंधी के साथ हल्की वर्षा की संभावना है।

इसे भी पढ़ें- आशियाने पर महंगाई की मार, जानिए गोरखपुर में सरिया व सीमेंट का कितना बढ़ा है दाम

मौसम विभाग के अनुसार मेरठ जिले में हल्के बादलों के बीच धूप खिलेगी। इसके अलावा आर्द्रता 27 प्रतिशत रहेगी।

अगले चार दिन राहत की उम्मीद पर रात का चढ़ेगा पारा

प्रयागराज में हल्के बादलों ने गर्मी के तेवर को हल्का कर दिया है। अन्य दिनों में जहां सुबह सात बजे ही धूप खिल जाती थी, वहीं शुक्रवार की सुबह हल्के बादलों के कारण लोगों को राहत मिली। सुबह 10 बजे धूप जरूर खिली पर उसमें गर्मी नदारद थी। गुरुवार को जहां 40.6 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रयागराज प्रदेश का सबसे गर्म जिला दर्ज किया, वहीं शुक्रवार को अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

शुक्रवार को पूरे दिन धूप छांव का खेल चलता रहा और इसी कारण तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। शुक्रवार का न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जबकि गुरुवार को यह 22.9 डिग्री सेल्सियस था। मौसम विज्ञानियों का कहना है शनिवार को जिले के कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी देखने को मिल सकता है। आंशिक बादल रहेंगे और इसकी वजह से गर्मी में राहत रहेगी पर आगे के दिनों में रात का तापमान बढ़ेगा।

तापमान 38 डिग्री के पार, कल बरसेंगे बादल

वाराणसी में मौसम में उतार-चढ़ाव जारी है। कई दिनों से रह-रहकर बादल छाए हुए हैं, फिर भी शुक्रवार को अधिकतम तापमान 38.1 डिग्री सेल्सियस रहा, हालांकि औसत तापमान से 1.2 डिग्री कम है। 21.6 न्यूनतम तापमान रहा, इससे औसत तापमान 29.8 डिग्री के निकट रिकार्ड किया गया। बीएचयू के जीओ फिजिक्स विभाग के पूर्व प्रोफेसर व मौसम विज्ञानी सुरेन्द्र नाथ पांडेय ने बताया कि रविवार को बारिश हो सकती है। शनिवार को घने बादल छाएंगे।