विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उत्तर प्रदेश में फ‍िर बदलेगा मौसम का म‍िजाज, इन ज‍िलों में गरज-चमक के साथ हो सकती है बार‍िश

Published: Mon, 16 Mar 2026 07:55 PM (IST)Updated: Tue, 17 Mar 2026 07:29 AM (IST)

मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश में मौसम बदलने का पूर्वानुमान लगाया है। मंगलवार और बुधवार को तापमान में वृद्धि होगी, लेकिन गुरुवार से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा।

तस्‍वीर एआई जनरेटेड है।

तस्‍वीर एआई जनरेटेड है।

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, लखनऊ। प्रदेश में पिछले तीन-चार दिनों से मौसम में उतार-चढ़ाव जारी है। कभी तेज धूप से गर्मी परेशान करती है तो हल्की बारिश राहत भी देती है। एक बार फिर गुरुवार से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से मौसम में बदलाव होगा, जिसके कारण पश्चिमी और पूर्वी क्षेत्रों के कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।

आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, जालौन, महोबा, औरैया, फतेहपुर, प्रयागराज, मिर्जापुर, सोनभद्र, सुल्तानपुर और अयोध्या आसपास वर्षा का अलर्ट है। रुक-रुकर 22 मार्च तक वर्षा के पूर्वानुमान हैं, लेकिन लखनऊ में सिर्फ बादलों की आवाजाही के बीच बूंदाबांदी के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार, इसके पहले दो दिन मौसम शुष्क बना रहेगा। मंगलवार और बुधवार को प्रदेशभर में तेज धूप होगी, जिससे दिन व रात के तापमान में तीन-चार डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है।


पांच से सात डिग्री सेल्सियस गिर सकता है पारा

 

वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, गुरुवार को एक और सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ दस्तक देगा। इसके प्रभाव से पश्चिमी जिलों से बारिश का दौर शुरू होगा, जो 22 मार्च तक पूरे प्रदेश में फैल सकता है। इस दौरान पूर्वी एवं पश्चिमी जिलों में 40-50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा भी चलने की संभावना है।

इसकी वजह से तापमान में पांच से सात डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आएगी और पारा सामान्य से नीचे पहुंच सकता है। हालांकि, रविवार से मौसम फिर बदलेगा और तेज धूप निकलने से गर्मी का तेवर तल्ख होगा। उन्होंने बताया कि सोमवार को लखनऊ में दिन का पारा 33.1 डिग्री सेल्सियस और रात का 19.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मंगलवार को अधिकतम तापमान 35 और न्यूनतम 20 रहने की संभावना है।

यह भी पढ़ें- यूपी में चूहा मारने वाली इस दवाई की ब‍िक्र‍ी पर लगी रोक, योगी सरकार ने जारी क‍िए निर्देश