यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 04, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
UP Weather: दो दिन तक भारी बारिश की चेतावनी जारी, यूपी के इन जिलों में झमाझम बरसेंगे बादल
UP Weather News मानसून पूर्वी उत्तर प्रदेश में सक्रिय है। मौसम विभाग ने मंगलवार से यहां के जिलों में भारी ...और पढ़ें

लखनऊ, जागरण संवाददाता। हल्की बरसात के बाद राजधानी में दिनभर बदली और धूप का खेल चलता रहा था, जिससे मौसम में उमस और चिपचिपी गर्मी रही। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार तक पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश के आसार है। वहीं अन्य प्रदेश भर में छिटपुट बारिश के साथ मौसम गर्म रह सकता है।
पूर्वी उत्तर प्रदेश में सक्रिय है मानसून
मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक दानिश के अनुसार, वर्तमान में मानसून की ट्रफ लाइन पूर्वी उत्तर प्रदेश में सक्रिय है। इससे हवा का कम दबाव वाला क्षेत्र बन रहा है जिसकी वजह से दो दिनों तक भारी बारिश के लिए चेतावनी जारी की गई है। बुधवार को लखनऊ और आसपास के जिलों में भी मध्यम से भारी बारिश के लिए अलर्ट जारी किया गया है।
इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
आज मंगलवार को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, सुल्तानपुर समेत अमेठी रायबरेली, अयोध्या, गोंडा, श्रावस्ती और बहराइच में गरज चमक के साथ भारी बारिश के लिए चेतावनी जारी की गई है। वहीं लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बाराबंकी, बस्ती, अंबेडकर नगर, आजमगढ़, संत कबीर नगर, गोरखपुर, देवरिया, मऊ और बलिया में गरज और चमक के साथ मध्यम बारिश के लिए चेतावनी जारी है। अन्य प्रदेश भर के जिलों में हल्की बारिश दर्ज की जाएगी।
तापमान में अधिक नहीं दिखा अंतर
सोमवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 34.3 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, दिन भर धूप-छांव से प्रदेश भर में अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री तक की बढ़त दर्ज की गई है। सर्वाधिक तापमान बांदा में 38.4 डिग्री सेल्सियस और आगरा में 37.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान में भी एक से दो डिग्री तक की बढ़त दर्ज की गई। सबसे कम तापमान गोरखपुर में 24.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
आज से पूरे प्रदेश में रहेगी बादलों की आवाजाही
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, मंगलवार को प्रदेशभर में बादलों की आवाजाही रहेगी। पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश के लिए चेतावनी जारी की गई है। वहीं लखनऊ और आसपास के इलाकों में छिटपुट बरसात हो सकती है। अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज हो सकता है।
