UP Weather Alert: दक्षिणी-पश्चिमी यूपी के जिलों में हीट वेव अलर्ट, IMD की उत्तरी शहरों में बारिश की चेतावनी
UP Weather Alert उत्तर प्रदेश में मौसम विभाग ने भीषण लू की चेतावनी जारी की है। वहीं तराई बेल्ट व उत्तरी यूपी के जिलों को हीट वेव ज्यादा परेशान नहीं करेगी। कानुपर लखनऊ अयोध्या गोरखपुर प्रयागराज वाराणसी सहित कई जिलों में सुबह से ही तेज धूप निकल आई है।
लखनऊ, जासं। UP Weather Alert Update Today जहां बीते वर्षों तक जेठ के दुपहरिया भरी गर्मी लेकर आती थी और घर से बाहर निकलना मुहाल कर दी थी, वहीं इस वर्ष जारी पश्चिमी विक्षोभ और साइक्लोनिक सर्कुलेशन से मौसम दो भाग में बटा हुआ है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में लगातार बादलों की आवाजाही के साथ छिटपुट बारिश दर्ज हो रही है तो वहीं, अन्य प्रदेश भर में तापमान में बढ़ोतरी के साथ गर्म हवाएं चल रही हैं।
दस जून से करवट लेगा मौसम, बारिश के आसार
मौसम विभाग ने 10 जून से एक बार फिर तराई बेल्ट और उत्तरी जिलों में बौछारें तो वहीं दक्षिणी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में लू के चेतावनी जारी की है। आंचलिक मौसम केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश के अनुसार प्रदेश के पश्चिमी यूपी के कई जिलों में तेज धूल भरी हवाएं और गरज चमक के साथ छिटपुट बारिश दर्ज की जा रही है। हालांकि अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। इससे प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में लू चलने के आसार हैं।
कई जिलों में तापमान बढ़ने से लू की चेतावनी
वही बंगाल की खाड़ी में एक नया साइक्लोनिक सरकुलेशन शुरू होने के चलते तराई बेल्ट से जुड़े कई जिलों में 10 जून से छिटपुट बारिश के आसार हैं। वहीं, दक्षिणी यूपी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में तापमान बढ़ने से लू की चेतावनी है। बुधवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 40.7 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
प्रयागराज में 44 डिग्री और बस्ती में 43 डिग्री सेल्सियस रहा पारा
सर्वाधिक तापमान प्रयागराज में 44 डिग्री और बस्ती में 43 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान में भी एक से दो डिग्री तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। सबसे कम तापमान नजीबाबाद में 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, गुरुवार को प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहेगा। गर्म हवाओं के थपेड़े प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में रह सकते हैं। अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज हो सकता है।
कानपुर में मौसम विज्ञानी ने तेज धूप में मौसम की नमी से वर्षा होने के भी हैं संकेत
मौसम में बदलाव होने से आगामी दिनों में कानपुरवासियों को गर्मी परेशान करती रहेगी। तेज धूप में मौसम की नमी होने से शहर के छोटे छोटे हिस्सों में वर्षा होने के संकेत मिले हैं। दिन में तेज धूप से गर्मी सताएगी लेकिन शाम सुहावनी रहेगी। गुरुवार को सुबह से धूप खिली और दिन में सूर्य की तपिश ने राहगीरों को गर्मी का अहसास कराया। दिन में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उत्तर पश्चिम दिशा से 3.6 किमी प्रति घंटा की गति से हवा चली।
गर्मी का प्रकोप देखेगा कानपुर
सीएसए कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डा एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि अगले दो दिन में अधिकतम तापमान तीन डिग्री और रात का न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस तक चढ़ेगा। दिन और रात में गर्मी बढ़ने के आसार हैं। शाम के समय धूल भरी आंधी और हल्की वर्षा होने से शहरवासियों को गर्मी से राहत मिल सकती है। उन्होंने बताया कि इस बार मई माह में अधिक गर्मी नहीं पड़ी और अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा। मार्च, अप्रैल, मई माह को कमोबेश सूखा ही माना जाता है लेकिन इस बार इन तीनों महीनों में वर्षा ने दस्तक दी। जून माह की शुरुआत भी ऐसे ही हुई है। कानपुर मंडल में गर्मी का असर दिखेगा।