UP Chunav 2022: अपर्णा यादव के भाजपा में शामिल होने पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने दी बधाई, जानें- आगे क्या बोले...
UP Vidhan Sabha Chunav 2022 समाजवादी पार्टी के नेता मुलायम सिंह यादव की बहू अपर्णा यादव बुधवार को भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गई। उनके इस फैसले को भाजपा अपनी बड़ी जीत के रूप में देख रही है तो वहीं सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की भी प्रतिक्रिया आई है।
लखनऊ, जेएनएन। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी के नेता मुलायम सिंह यादव की पुत्र वधू अपर्णा यादव बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) में शामिल हो गईं। अपर्णा यादव को दिल्ली में भाजपा के बड़े पदाधिकारियों ने पार्टी की सदस्यता दिलाई है। उनके इस फैसले को भाजपा अपनी बड़ी जीत के रूप में देख रही है तो वहीं सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की भी पहली प्रतिक्रिया आई है। अपने छोटे भाई प्रतीक यादव की पत्नी अपर्णा बिष्ट यादव के भाजपा में शामिल होने पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा कि उन्हें इस बात की खुशी है कि समाजवादी पार्टी की विचारधारा का विस्तार हो रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि नेताजी (मुलायम सिंह यादव) ने अपर्णा को काफी समझाने की कोशिश की थी।
लखनऊ स्थित सपा मुख्यालय में बुधवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश यादव ने कहा कि, '...सबसे पहले मैं बधाई दूंगा और शुभकामनाएं। साथ ही साथ हमें इस बात की खुशी है कि समाजवादी विचारधारा का विस्तार हो रहा है। मुझे उम्मीद है कि हमारी विचारधारा वहां संविधान बचाएगी।' क्या अपर्णा को मुलायम सिंह यादव का आशीर्वाद प्राप्त है? इसके जवाब में अखिलेश ने कहा, नेताजी ने बहुत कोशिश की समझाने की।'
क्या सपा के टिकट देने से इन्कार करने पर अपर्णा ने पार्टी बदली? इस पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा 'टिकट अभी पूरे नहीं बंटे हैं, टिकट किसको मिलना है, किसको नहीं मिलेगा यह क्षेत्र और जनता पर निर्भर करता है, साथ ही हमारे आंतरिक सर्वे पर भी निर्भर करता है।' उन्होंने यह भी कहा कि जिन लोगों को सपा टिकट नहीं दे पा रही है, उन्हें भाजपा टिकट दे रही है। उन्होंने कहा कि गठबंधन में सभी को टिकट मिल पाना संभव नहीं है। इसलिए गठबंधन धर्म का पालन होना चाहिए। अगर सपा के कुछ लोग भाजपा के टच में हैं तो भाजपा के लोग भी अभी सपा के टच में हैं।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार में समाजवादी पेंशन योजना फिर से शुरू किया जाएगा और इसके अंतर्गत जरूरतमंद महिलाओं और बीपीएल परिवारों को प्रति वर्ष 18,000 रुपये पेंशन देने का काम किया जाएगा। इससे पहले पहले 6000 रुपये दिया जाता था। इस योजना का लाभ महिलाओं व बहनों को मिलेगा। उन्होंने कहा कि सपा के घोषणा पत्र में महिलाओं, बहनों व बेटियों के लिए कई योजनाएं शामिल की जाएंगी। उन्होंने कहा कि एक्सप्रेसवे के किनारे सपेरों के लिये स्नेक चारमर्स विलेज बनेगा।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने विधानसभा चुनाव लड़ने के सवाल पर कहा कि मैं आजमगढ़ की जनता से अनुमति लेकर ही चुनाव लडूंगा अगर चुनाव लड़ा तो क्योंकि वहां के लोगों ने मुझे जिताया था। मैं वहां से सांसद हूं। उन्होंने कहा कि मैं चाहता हूं कि जहां से भी चुनाव लड़ू वह योगी के चुनाव से पहले हो।
यह भी पढ़ें : यूपी चुनाव 2022 से पहले सपा को बड़ा झटका, मुलायम सिंह यादव की बहू अपर्णा यादव भाजपा में शामिल