आयुष्मान योजना से वंचित पीएम स्वनिधि लाभार्थियों की होगी पहचान, लोक कल्याण मेलों के जरिए जोड़े जाएंगे नाम
पीएम स्वनिधि योजना के लाभार्थियों को आयुष्मान भारत और अन्य स्वास्थ्य योजनाओं से जोड़ने के लिए उत्तर प्रदेश में विशेष ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
पीएम स्वनिधि लाभार्थियों को आयुष्मान भारत स्वास्थ्य योजनाओं से जोड़ने की तैयारी।
रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं की स्वास्थ्य कवरेज स्थिति ट्रैक करने के लिए अभियान।
वंचित लाभार्थियों को 30 सितंबर तक योजनाओं में शामिल करने का लक्ष्य।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। पीएम स्वनिधि योजना के लाभार्थियों को आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना और राज्य की अन्य स्वास्थ्य योजनाओं से जोड़ने की तैयारी शुरू हो गई है। इसके लिए प्रदेशभर में विशेष अभियान चलाकर रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं को चिह्नित किया जाएगा।
राज्य नगरीय विकास अभिकरण (सूडा) के अनुसार प्रदेश में पीएम स्वनिधि योजना के तहत 78 लाख से अधिक लाभार्थियों को बिना गारंटी के कार्यशील पूंजी ऋण उपलब्ध कराया गया है। सूडा ने स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं से इन लाभार्थियों को जोड़ने के लिए पीएम स्वनिधि पोर्टल पर नया माड्यूल विकसित किया है। इसके माध्यम से लाभार्थियों की स्वास्थ्य कवरेज की स्थिति दर्ज और ट्रैक की जाएगी।
इससे यह पता लगाया जा सकेगा कि कौन लाभार्थी पहले से आयुष्मान भारत या अन्य स्वास्थ्य योजनाओं के दायरे में है और कौन इनसे वंचित है। विशेष अभियान 30 सितंबर तक चलेगा। इस दौरान लोक कल्याण मेलों और अन्य गतिविधियों के माध्यम से लाभार्थियों का सत्यापन किया जाएगा।
स्वास्थ्य योजनाओं से संबंधित जानकारी पोर्टल पर अपडेट करने के साथ पात्र लेकिन वंचित लाभार्थियों को योजनाओं में शामिल कराने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। सूडा निदेशक महेंद्र बहादुर सिंह ने जिलाधिकारियों और जिला नगरीय विकास अभिकरणों को अभियान की निगरानी के लिए नोडल अधिकारी नामित करने और पोर्टल पर जरूरी आंकड़े अपलोड कराने के निर्देश दिए हैं।
