लखनऊ के 52 केंद्रों पर टेक्निकल एजुकेशन टीचिंग के 22 हजार अभ्यर्थी देंगे परीक्षा, 500 पुलिसकर्मी रहेंगे तैनात
उत्तर प्रदेश प्राविधिक शिक्षा सेवा परीक्षा-2025 रविवार को लखनऊ के 52 केंद्रों पर होगी, जिसमें 22,996 अभ्यर्थी शामिल होंगे।

यह फोटो एआई टूल की मदद से बनाई गई है।
HighLights
लखनऊ के 52 केंद्रों पर होगी प्राविधिक शिक्षा सेवा परीक्षा।
22,996 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा, 520 पुलिसकर्मी रहेंगे तैनात।
नकलविहीन और शांतिपूर्ण परीक्षा के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित उत्तर प्रदेश प्राविधिक शिक्षा (अध्यापन) सेवा परीक्षा-2025 रविवार को लखनऊ के 52 केंद्रों पर होगी। परीक्षा में 22,996 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
परीक्षा को नकलविहीन और शांतिपूर्ण ढंग से कराने के लिए लखनऊ पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। दोनों पालियों में परीक्षा के दौरान कुल 520 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।
संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था बबलू कुमार के मुताबिक परीक्षा पहली पाली में सुबह 9:00 से 11:30 बजे और दूसरी पाली में दोपहर 2:30 से शाम 5:00 बजे तक होगी। प्रत्येक केंद्र पर एक उपनिरीक्षक, तीन हेड कांस्टेबल/कांस्टेबल और दो महिला कांस्टेबल तैनात रहेंगी।
गोपनीय परीक्षा सामग्री की सुरक्षा के लिए 208 सशस्त्र पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। परीक्षा केंद्र के 200 मीटर की परिधि में साइबर कैफे, फोटो कापी की दुकानें और पीसीओ बंद रहेंगे।
केंद्र के अंदर मोबाइल फोन, स्मार्टवाच और अन्य आईटी गैजेट समेत प्रतिबंधित सामग्री ले जाने पर रोक रहेगी। परीक्षा के दौरान आसपास लाउडस्पीकर या ध्वनि विस्तारक यंत्रों के इस्तेमाल पर भी रोक रहेगी।
स्टेशन से परीक्षा केंद्र तक यातायात पर विशेष नजर
अभ्यर्थियों की आवाजाही को देखते हुए रेलवे और बस स्टेशन, मेट्रो स्टेशन, टैक्सी स्टैंड और परीक्षा केंद्रों के आसपास पर्याप्त यातायात पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। यातायात निरीक्षक परीक्षा से एक दिन पहले केंद्र और आसपास के मार्गों का निरीक्षण कर व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे। सभी थाना प्रभारी सुबह सात बजे से परीक्षा समाप्त होने तक क्षेत्र में भ्रमणशील रहेंगे।
आपात स्थिति से निपटने के लिए यूपी-112 की गाड़ियां परीक्षा केंद्रों के नजदीक तैनात रहेंगी। महिला सुरक्षा के लिए पिंक पेट्रोल, यूपी-112 और एंटी रोमियो स्क्वाड भी परीक्षा केंद्रों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में लगातार गश्त करेंगे।
इंटरनेट मीडिया सेल सभी प्लेटफॉर्म की चौबीसों घंटे निगरानी करेगा। पुलिसकर्मियों को परीक्षा शुरू होने से तीन घंटे पहले केंद्र पर पहुंचने और विभागीय पहचान पत्र साथ रखने के निर्देश दिए गए हैं।
अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को अभ्यर्थियों और अभिभावकों से शालीन व्यवहार करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने अभ्यर्थियों से समय से केंद्र पहुंचने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
यह भी पढ़ें- यूपी पीईटी-2026 के लिए आवेदन की तिथि नजदीक, 2025 के नंबर से कई मुख्य परीक्षाओं में मिलेगा मौका
