UP में गन्ना समिति की सदस्यता के लिए 7 दिन में अप्लाई करें किसान, मेंबरशिप ना लेने पर नहीं मिलेगी ये बड़ी सुविधा
गन्ना किसानों के पास गन्ना समिति की सदस्यता लेने और उपज बढ़ाने के लिए 30 सितंबर तक आवेदन करने के लिए केवल सात दिन शेष हैं।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
गन्ना समिति सदस्यता के लिए 30 सितंबर तक करें आवेदन।
सदस्यता से 2026-27 में चीनी मिलों को गन्ना आपूर्ति सुविधा।
सट्टा प्रदर्शन मेलों में रिकॉर्ड जांचें, उपज वृद्धि आवेदन करें।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। गन्ना किसानों के पास गन्ना समिति की सदस्यता लेने और अपनी उपज बढ़ाने के लिए आवेदन करने के लिए सात दिन बचे हैं। किसान 30 सितंबर तक गन्ना समिति के सदस्य बन सकते हैं। सदस्य बनने वाले किसानों को पेराई सत्र 2026-27 में चीनी मिलों को गन्ना आपूर्ति की सुविधा मिलेगी। वहीं, जिन किसानों की गन्ने की उपज जिले के औसत से अधिक है, वे भी उपज बढ़ोतरी के लिए आवेदन कर सकते हैं।
प्रदेश की सभी गन्ना समितियों में इन दिनों सट्टा प्रदर्शन मेलों का आयोजन किया जा रहा है। इन मेलों में किसान अपने गन्ने के रकबे, सट्टा और गन्ना आपूर्ति से जुड़े रिकार्ड की जांच कर सकते हैं। रिकार्ड में किसी तरह की गलती होने पर मौके पर ही सुधार भी कराया जा सकता है।
गन्ना आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि समितियों में आयोजित सट्टा प्रदर्शन मेलों का शुभारंभ और समापन जनप्रतिनिधियों के माध्यम से कराया जाए।
किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए विभाग ने मुख्यालय स्तर पर 24 घंटे चलने वाला टोल-फ्री किसान काल सेंटर 1800-121-3203 भी शुरू किया है।
