विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अस्पतालों में सप्लाई होने वाला आयरन-फोलिक एसिड सीरप जांच में फेल, स्वास्थ्य विभाग ने लगाई रोक

Published: Mon, 21 Sep 2026 08:41 AM (IST)

अस्पतालों में सप्लाई होने वाली दवाओं के सैंपल फेल होने का सिलसिला जारी है, अब आयरन एवं फोलिक एसिड सीरप का एक बैच गुणवत्ताविहीन पाया गया है।

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। अस्पतालों में सप्लाई होने वाली दवाओं के सैंपल फेल होने का सिलसिला जारी है। अब आयरन एवं फोलिक एसिड सीरप का एक बैच गुणवत्ताविहीन मिला है। उत्तराखंड की कोटेक हेल्थकेयर लिमिटेड की ओर से सप्लाई किए गए इस सीरप के सैंपल तीन अलग-अलग लैब में भेजे गए थे, जिनमें दो की रिपोर्ट फेल आई है।

इस रिपोर्ट के बाद स्वास्थ्य विभाग ने प्रदेश के सभी जिलों के सीएमओ, निदेशक और मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को संबंधित बैच का सीरप मरीजों को न बांटने के निर्देश दिए हैं। वहीं, उत्तर प्रदेश मेडिकल सप्लाईज कारपोरेशन (यूपीएमएससीएल) ने बाराबंकी, हाथरस, मऊ, मुरादाबाद, रायबरेली, सहारनपुर, श्रावस्ती, सिद्धार्थनगर, सीतापुर, सोनभद्र और सुल्तानपुर के वेयरहाउस से इसके वितरण पर रोक लगा दी है।

कॉरपोरेशन के महाप्रबंधक (गुणवत्ता नियंत्रण) की ओर से जारी पत्र में वेयरहाउस प्रभारियों को फेल हुए बैच का स्टाक अलग रखने और उसका वितरण न करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। यदि संबंधित बैच का सीरप किसी अस्पताल के स्टोर में मिलता है तो उसका वितरण तत्काल रोककर बची हुई मात्रा वेयरहाउस को लौटाने के निर्देश दिए गए हैं।

तीन बार जांच, दो बार फेल

यूपीएमएससीएल ने 11 जिलों के वेयरहाउस में पहुंची सीरप के सैंपल तीन लैब में जांच के लिए भेजे थे। जून में भेजा गया सैंपल फेल हुआ, जबकि जुलाई में भेजे गए सैंपल की रिपोर्ट पास आई। अगस्त में दोबारा भेजे गए सैंपल की रिपोर्ट फिर फेल हो गई। इसके बाद संबंधित बैच के सीरप के वितरण पर रोक लगा दी गई।

यह भी पढ़ें- अब पैक्ड फूड पर असली मैन्युफैक्चरिंग डेट लिखना होगा अनिवार्य, यूपी में लागू हुए सख्त नियम