विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

एक क्लिक पर मिलेगी ट्रेनिंग सेंटर्स की जानकारी, यूपी में 'कौशल सारथी' और 'कौशल सेतु' से डिजिटल हुआ स्किल डेवलपमेंट

Published: Wed, 15 Jul 2026 08:18 PM (IST)

उत्तर प्रदेश सरकार ने युवाओं को हुनरमंद बनाने के लिए 'कौशल सेतु' और 'कौशल सारथी' नामक दो डिजिटल पोर्टल लॉन्च ...और पढ़ें

यूपी में कौशल विकास हुआ डिजिटल

यूपी में कौशल विकास हुआ डिजिटल

HighLights

  1. 'कौशल सेतु' पोर्टल से प्रशिक्षण प्रदाताओं का पंजीकरण ऑनलाइन हुआ।

  2. 'कौशल सारथी' युवाओं को प्रशिक्षण केंद्रों की जानकारी देगा।

  3. रोबोटिक्स, AI में प्रशिक्षण के लिए औद्योगिक समझौते हुए।

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार युवाओं को हुनरमंद बनाने के साथ-साथ कौशल विकास प्रणाली को पूरी तरह डिजिटल और पारदर्शी बना रही है। इसी कड़ी में, इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित 'विश्व युवा कौशल दिवस-2026' के राज्य स्तरीय समारोह में एक बड़ा कदम उठाया गया। व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास और उद्यमशीलता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने बुधवार को राज्य के युवाओं और प्रशिक्षण प्रदाताओं के लिए दो क्रांतिकारी डिजिटल पोर्टल्स का शुभारंभ किया।

'कौशल सेतु': ट्रेनिंग पार्टनर्स के लिए पूरी प्रक्रिया हुई ऑनलाइन और पेपरलेस

समारोह के दौरान मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन (UPSDM) के नए डिजिटल पोर्टल ‘कौशल सेतु’ का बटन दबाकर उद्घाटन किया। यह पोर्टल ट्रेनिंग पार्टनर्स के पंजीकरण और एम्पैनलमेंट की पूरी व्यवस्था को ऑनलाइन, पेपरलेस और पारदर्शी बनाता है। अब शिक्षण संस्थान अपने आवेदन, दस्तावेज़ और जरूरी जानकारियां एक ही प्लेटफॉर्म पर जमा कर सकेंगे। योगी सरकार की इस पारदर्शी पहल के बाद अब प्रशिक्षण प्रदाताओं को सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने से मुक्ति मिल जाएगी।

'कौशल सारथी': युवाओं के लिए एक क्लिक पर ट्रेनिंग सेंटर की लोकेशन

इसके साथ ही, युवाओं को सीधे लाभ पहुंचाने के लिए दूसरे डिजिटल प्लेटफॉर्म ‘कौशल सारथी’ को भी लाइव किया गया। यह अनूठा प्लेटफॉर्म युवाओं को उनके ही जिले में उपलब्ध प्रशिक्षण केंद्रों, कोर्सों और ट्रेनिंग पार्टनर्स की जानकारी एक जगह पर मुहैया कराएगा। इसमें दिए गए डिजिटल मैप की मदद से छात्र आसानी से नजदीकी ट्रेनिंग सेंटर की लोकेशन, पता और संपर्क विवरण देख सकते हैं। इससे अब प्रदेश के हर कोने में चल रहे स्किल सेंटर्स की जानकारी युवाओं को उंगलियों पर मिल सकेगी।

फ्यूचर रेडी युवा: रोबोटिक्स और AI के लिए हुए बड़े एमओयू (MoU)

उत्तर प्रदेश के युवाओं को भविष्य की तकनीकों के लिए तैयार करने के उद्देश्य से कार्यक्रम में बड़े औद्योगिक समझौते भी किए गए। उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन ने नामी इंडस्ट्री पार्टनर्स 'केएलके प्राइवेट लिमिटेड' और 'विनसम टेक्सटाइल इंडस्ट्रीज लिमिटेड' के साथ एमओयू पर हस्ताक्षर किए। इस रणनीतिक साझेदारी के जरिए राज्य के युवाओं को रोबोटिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और आधुनिक टेक्सटाइल जैसे इमर्जिंग सेक्टर्स में एडवांस ट्रेनिंग के साथ-साथ सीधे प्लेसमेंट के बेहतरीन अवसर मिलेंगे।

ट्रेनिंग से ट्रांसफॉर्मेशन: 'कौशल से स्वावलंबन और सम्मान' का नया मंत्र

इस खास मौके पर मंत्री अग्रवाल ने एक विशेष कॉफी टेबल बुक ‘स्किलिंग द फ्यूचर उत्तर प्रदेश: जर्नी फ्रॉम ट्रेनिंग टू ट्रांसफॉर्मेशन’ का विमोचन भी किया। विभाग की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए उन्होंने कहा कि योगी सरकार में कौशल विकास केवल क्लासरूम ट्रेनिंग तक सीमित नहीं है। आज तकनीक, इंडस्ट्री और रोजगार को एक साथ जोड़कर युवाओं को ‘कौशल से स्वावलंबन और स्वावलंबन से सम्मान’ के मूल मंत्र के साथ आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है।