विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूपी के माध्यमिक स्कूलों में जनवरी तक पूरा करना होगा बोर्ड परीक्षा का कोर्स, एग्जाम को लेकर भी आया बड़ा अपडेट

Published: Sat, 17 Oct 2026 06:30 AM (IST)

उत्तर प्रदेश के माध्यमिक विद्यालयों में फरवरी 2027 की बोर्ड परीक्षाओं के लिए जनवरी तक पाठ्यक्रम पूरा करने का निर्देश ...और पढ़ें

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

HighLights

  1. जनवरी तक माध्यमिक स्कूलों में बोर्ड परीक्षा कोर्स पूरा करें।

  2. शिक्षकों के 335 लंबित भुगतान मामले 5 नवंबर तक निपटाएं।

  3. चयनित टीजीटी, प्रवक्ताओं को जल्द नियुक्ति दी जाए।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। माध्यमिक विद्यालयों में बोर्ड परीक्षा की तैयारी के लिए जनवरी तक पाठ्यक्रम पूरा करना होगा। फरवरी 2027 में संभावित बोर्ड परीक्षाओं को देखते हुए शासन ने पढ़ाई समय से पूरी कराने के निर्देश दिए हैं, ताकि विद्यार्थियों को परीक्षा से पहले दोहराई करने और तैयारी के लिए पर्याप्त समय मिल सके। इसके साथ ही शिक्षकों के लंबित बकाया भुगतान के 335 मामलों को पांच नवंबर तक निपटाने और चयनित शिक्षकों को जल्द नियुक्ति देने पर भी जोर दिया गया है।

प्रदेश के विभिन्न जिलों में शिक्षकों के बकाया भुगतान के मामले लंबे समय से लंबित हैं। माध्यमिक शिक्षा निदेशक को इनकी जांच कर नियमानुसार भुगतान कराने और पांच नवंबर तक सभी मामलों की रिपोर्ट शासन को देने को कहा गया है।

अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा ने इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं। इससे पहले सात अक्टूबर को हुई बैठक में इन मामलों को 31 अक्टूबर तक निपटाने के निर्देश दिए गए थे। मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशकों को अपने स्तर पर समीक्षा करने और माध्यमिक शिक्षा निदेशक को रोजाना निगरानी की जिम्मेदारी दी गई थी।

तय समय के भीतर करना होगा भुगतान

तय समय में मामले न निपटने पर दो नवंबर को शिक्षा निदेशक, संबंधित संयुक्त शिक्षा निदेशक और जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआइओएस) को शासन में उपस्थित होना था। बकाया भुगतान के 335 मामलों में 13 न्यायालय में विचाराधीन हैं। इनमें यह देखा जाएगा कि भुगतान पर अदालत ने रोक तो नहीं लगाई है। यदि रोक नहीं है और जांच में भुगतान सही पाया जाता है, तो इन मामलों में भी तय समय के भीतर भुगतान करना होगा।

माध्यमिक शिक्षकों के चयन वेतनमान और प्रोन्नत वेतनमान के मामले भी समय से निपटाने के निर्देश दिए गए हैं। अब साल में दो बार, जनवरी और जुलाई में, ऐसे वेतनमान स्वीकृत करने की व्यवस्था बनाने की तैयारी है।

यह भी पढ़ें- अब रामलला की सेवा से सीधे जुड़ सकेंगे भक्त, पोशाक अर्पित करने के साथ राजभोग और बालभोग लगाने का भी मिलेगा मौका

इसके अलावा पीएम श्री योजना और समग्र शिक्षा अभियान के तहत जिलों में बजट का खर्च बढ़ाने को कहा गया है। अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग से चयनित 2372 प्रशिक्षित स्नातक शिक्षकों (टीजीटी) और 618 प्रवक्ताओं को भी जल्द कार्यभार ग्रहण कराने के निर्देश दिए गए हैं।