विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उत्तर प्रदेश की हर विधानसभा से 500 युवाओं को मिलेगी नौकरी, पहली बार लगेगा वृहद रोजगार मेला

Published: Wed, 30 Sep 2026 08:19 AM (GMT+05:30)

प्रदेश के युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करने के लिए सेवायोजन विभाग मुख्यमंत्री रोजगार मिशन के तहत एक नई पहल कर रहा है।

News Article Hero Image

HighLights

  1. सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में वृहद रोजगार मेले लगेंगे।

  2. प्रत्येक विधानसभा में 500 युवाओं को नौकरी देने का लक्ष्य।

  3. सेवायोजन विभाग मुख्यमंत्री रोजगार मिशन के तहत कर रहा आयोजन।

जितेंद्र उपाध्याय, लखनऊ। प्रदेश के युवाओं को रोजगार के अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए सेवायोजन विभाग नई पहल करने जा रहा है। मुख्यमंत्री रोजगार मिशन के तहत पहली बार प्रदेश की सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में वृहद रोजगार मेला लगाया जाएगा।

हर विधानसभा में आयोजित होने वाले मेले के माध्यम से कम से कम 500 युवाओं को नौकरी देने का लक्ष्य रखा गया है। स्थानीय स्तर पर बेरोजगार युवाओं को कंपनियों तक पहुंचने और अपनी योग्यता के अनुसार रोजगार पाने का अवसर भी मिलेगा।

पंजीकरण होगा अनिवार्य

इन रोजगार मेलों में निजी क्षेत्र की विभिन्न कंपनियों को आमंत्रित किया जाएगा। हाई स्कूल से स्नातक तक 18 से 40 वर्ष के शहरी-ग्रामीण युवा वृहद रोजगार मेले में हिस्सा ले सकते हैं।

युवाओं को सेवायोजन विभाग के रोजगार संगम पोर्टल पर पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा। इसी के साथ ही सभी 75 जिला मुख्यालयों पर वृहद रोजगार मेला लगाने की तैयारी चल रही है।

बेरोजगारी पर एक नजर

  • प्रदेश में पंजीकृत बेरोजगार- 45 लाख
  • प्रदेश में सेवायोजन कार्यालय- 92
  • एक साल में लगे मेले- 11,082
  • रोजगार के अवसर- पांच लाख
  • युवाओं को मिला प्रशिक्षण- 12.15 लाख
  • प्रशिक्षण के बाद नौकरी मिली- 4.13 लाख
  • राजधानी में पंजीकृत बेरोजगार- 62 हजार
  • राजधानी में एक साल में नौकरी मिली-12,762

राजधानी में मिली नौकरी का वर्षवार आंकड़ा

वर्ष मिली नौकरी
2016 4,640
2017 6,545
2018 7,788
2019 8,804
2020 900
2021 128
2022 2,060
2023 2,021
2024 4,430
2025 6,270
2026 5,750 (31 अगस्त तक)

 

मुख्यमंत्री रोजगार मिशन के तहत पहली बार विधानसभा वार पांच लाख और जिला स्तर पर 10 लाख का बजट वृहद रोजगार मेले के आयोजन के लिए निर्धारित किया गया। बजट भेजने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। अगले महीने से मेले शुरू हो जाएंगे। मेलों में जनप्रतिनिधियों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी। रोजगार मेलों के माध्यम से दो लाख से अधिक युवाओं को नौकरी देने का लक्ष्य रखा गया है।

-नेहा प्रकाश, निदेशक, सेवायोजन

यह भी पढ़ें- उत्तर प्रदेश में बेराेजगारों के लिए खुशखबरी, लखनऊ के अलावा इन चार जिलों में लगेगा रोजगार मेला

यह भी पढ़ें- कैराना विधायक का रिपोर्ट कार्ड: विकास के दावों के बीच बेहतर स्वास्थ्य सेवा, राेजगार, शिक्षा और खेल सुविधाओं की मांग कर रही जनता