युवाओं के स्टार्टअप आइडियाज को मिले पंख, यूपी राइज में दिखा तकनीक का दम; Book My Show में मिलेगी इंटर्नशिप
योगी सरकार की 'यूपी राइज' पहल के तहत लखनऊ की इंटीग्रल यूनिवर्सिटी में छात्रों ने AI, हेल्थकेयर और सुरक्षा जैसे ...और पढ़ें

HighLights
इंटीग्रल यूनिवर्सिटी में 'यूपी राइज' ने युवा स्टार्टअप आइडियाज को मंच दिया।
AI, हेल्थकेयर, सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में छात्रों ने तकनीकी दक्षता दिखाई।
विजेता 'इनोवेट8एक्स' सहित प्रतिभाशाली छात्रों को बुकमायशो में ट्रेनिंग मिलेगी।
डिजिटल डेस्क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश को इनोवेशन हब बनाने और युवाओं को उद्यमिता (एंटप्रेन्योरशिप) से जोड़ने की दिशा में योगी सरकार की 'यूपी राइज' (UP Rise) पहल शानदार परिणाम दे रही है। इसी कड़ी में राजधानी लखनऊ की इंटीग्रल यूनिवर्सिटी में 'यूपी राइज' कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां छात्रों ने अपने बेहतरीन स्टार्टअप आइडियाज और तकनीक आधारित नए कारोबारी मॉडल्स से सबको हैरान कर दिया। इस मंच पर युवाओं ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), हेल्थकेयर, सुरक्षा, कृषि और पारंपरिक शिल्प जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में अपनी शानदार प्रस्तुतियां दीं, जो भविष्य के आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश की सशक्त तस्वीर पेश करती हैं।
AI और आधुनिक तकनीक पर आधारित स्टार्टअप्स का दिखा जलवा
कार्यक्रम के दौरान शॉर्टलिस्ट किए गए प्रोजेक्ट्स में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) का खास दबदबा देखने को मिला। छात्रों ने ध्रुव एक्स स्काईशील्ड का 'पोर्टेबल एआई एंटी-ड्रोन डिफेंस सिस्टम', निदानवाणी का हेल्थकेयर प्लेटफॉर्म और संवेदना का 'एआई मेंटल हेल्थ प्लेटफॉर्म' पेश कर अपनी तकनीकी दक्षता का प्रमाण दिया। इसके अलावा, शिल्पसेतु ने कारीगरों को ग्राहकों से सीधे जोड़ने वाला डिजिटल मार्केट, एग्रीक्यू ने सटीक खेती के लिए ऑटोमेटेड सिस्टम और जियोक्वेरी लैब ने रियल एस्टेट से जुड़ी अभिनव तकनीक प्रस्तुत कर भविष्य के बाजार की जरूरतों का समाधान पेश किया।
इनोवेट8एक्स बनी विजेता, स्कैनविडेंस और मेरिडियन ने भी मारी बाजी
कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच 'इनोवेट8एक्स' (Innovate8x) की टीम ने एआई आधारित निगरानी एवं सुरक्षा तंत्र (AI Surveillance and Security System) का बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। इस विजेता टीम में रमिश अदील, मुस्कान, फराज नदीम, लैबा रहमान, रेहान शेख और फैजान-ए-रजा शामिल रहे। वहीं, चिकित्सकों के लिए रोगी आंकड़ों के विश्लेषण व निदान में मददगार प्लेटफॉर्म 'स्कैनविडेंस' की टीम (अनस खालिद, अब्दुल मलिक, अली हसन, अलीना, अब्दुल रहमान और साहेर जहरा) दूसरे स्थान पर रही। स्मार्ट वियरेबल पॉश्चर मॉनिटरिंग सिस्टम बनाने वाली 'मेरिडियन' की टीम ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
विशेषज्ञों ने परखी प्रतिभा, बुकमायशो में मिलेगी ट्रेनिंग
छात्रों की प्रतिभा और उनके प्रोजेक्ट्स की व्यावहारिकता का मूल्यांकन एक विशेषज्ञ जूरी द्वारा किया गया, जिसमें हर्षित देसाई, सिमरन साहनी, पूनम खंडेलवाल और हर्षवर्धन जवेरी शामिल थे। यूपी राइज न केवल छात्रों को अपने नवाचारों को एक सफल बिजनेस मॉडल में बदलने का मंच दे रहा है, बल्कि इस पहल के तहत प्रतिभावान छात्रों को 'बुकमायशो' (BookMyShow) में इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग का सुनहरा अवसर भी मिलेगा। इंटीग्रल यूनिवर्सिटी के इस सफल आयोजन के बाद, जल्द ही लखनऊ विश्वविद्यालय में भी यूपी राइज कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
