विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

घर खरीदने से पहले इन ‘पांच बातों’ का रखे ध्यान, यूपी रेरा ने प्रमोटरों के बारे आवंटियों को किया सचेत

Published: Sat, 23 May 2026 01:30 PM (IST)

यूपी रेरा ने घर खरीदारों के हितों की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण सलाह जारी की है।

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, लखनऊ। उत्तर प्रदेश भू-संपदा विनियामक प्राधिकरण (यूपी रेरा) ने सिर्फ प्रमोटरों पर ही शिकंजा नहीं कसा है, बल्कि घर खरीदारों के हितों की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण सलाह भी जारी की है। रेरा ने आवंटियों को सचेत किया है कि किसी भी पंजीकृत प्रमोटर की परियोजना में संपत्ति खरीदने से पहले पांच मुख्य बिंदुओं की जांच जरूर कर लें।

खरीदारों की सुविधा के लिए पूरी जानकारी यूपी रेरा की वेबसाइट पर उपलब्ध है। यह भी जान सकते हैं कि प्रमोटर की कितनी शिकायतें दर्ज हैं और उनका स्वरूप क्या है। प्रदेश में रियल एस्टेट सेक्टर में निवेश व धोखाधड़ी के प्रकरण लगातार बढ़ रहे हैं।

यूपी रेरा अध्यक्ष संजय भूसरेड्डी ने बताया कि प्राधिकरण डिजिटल माध्यमों व नियामकीय निगरानी के जरिये घर खरीदारों को सटीक जानकारी इसीलिए दे रहा है, ताकि धोखाधड़ी की घटनाओं को कम किया जा सके।

इन बिंदुओं की करें जांच

  1. भूमि का स्वामित्व: संपत्ति खरीदारों को देखना चाहिए कि परियोजना जिस जमीन पर बन रही है उसका स्वामित्व कानूनी रूप से वैध है? जमीन पर कोई विवाद, बकाया या कानूनी दावा तो नहीं है।
  2. स्वीकृत नक्शा व लेआउट प्लान: सक्षम प्राधिकारी द्वारा स्वीकृत नक्शा और लेआउट प्लान होना चाहिए। लेआउट प्राधिकरण की ओर से स्वीकृत हो, जो निर्माण दिखाया जा रहा है वह स्वीकृत योजना के अनुरूप है या नहीं?
  3. इनवेंट्री विवरण का मिलान: खरीदार जिस यूनिट फ्लैट, प्लाट या दुकान को खरीदना चाहता है उसका पोर्टल पर उपलब्ध इनवेंट्री विवरण (उपलब्ध फ्लैटों की संख्या) से मिलान करें।
  4. परियोजना का बैंक खाता: रेरा के नियमों के तहत खुले परियोजना के बैंक खातों की जानकारी भी वेरिफाई करनी चाहिए, ताकि यह तय हो जाए कि उनका पैसा उसी परियोजना के निर्माण में उपयोग होगा।
  5. तिमाही प्रगति रिपोर्ट: प्रमोटरों को वेबसाइट पर अपलोड की जाने वाली तिमाही प्रगति रिपोर्ट (क्यूपीआर) का अध्ययन आवश्यक है। इससे परियोजना के पूरा होने की समय सीमा और वर्तमान प्रगति का पता चलेगा।

ऐसे लें परियोजना की जानकारी

यूपी रेरा की आधिकारिक वेबसाइट up-rera.in पर जाएं। सर्च मेन्यू में रजिस्टर्ड प्रोजेक्ट्स सेक्शन पर क्लिक करें। परियोजना का नाम या पंजीकरण नंबर डालकर खोजें, ब्ल्यू आइकन पर क्लिक करके परियोजना का विवरण खोलें।

परियोजना की मूल जानकारी देखें, जैसे प्रारंभ व पूर्णता की तारीख, प्रमोटर आदि। प्रोजेक्ट डिटेल्स में जाकर विकास कार्य, बैंक विवरण, भूमि विवरण, अपलोड दस्तावेज आदि की पूरी जानकारी देखें।

यूपी रेरा की हेल्प डेस्क

खरीदार यूपी रेरा की हेल्प डेस्क नंबर 9151602229, 9151642229 पर भी संपर्क कर सकते हैं।