यूपी में प्रोजेक्ट अलंकार से संवरेंगे 57 सहायता प्राप्त स्कूल, भवनों की मरम्मत और पुनर्निर्माण के लिए 8.16 करोड़ मंजूर
प्रदेश सरकार ने प्रोजेक्ट अलंकार के तहत 57 अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के जीर्णोद्धार और अवस्थापना विकास के लिए 8.16 करोड़ रुपये की धनराशि जारी की है।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
प्रोजेक्ट अलंकार के तहत 57 स्कूलों को 8.16 करोड़ मिले।
विद्यालयों के जीर्णोद्धार, मरम्मत और निर्माण पर होगा खर्च।
22 जिलों के 44 स्कूलों को दूसरी, 13 को तीसरी किस्त।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। प्रदेश सरकार ने प्रोजेक्ट अलंकार के तहत अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के जीर्णोद्धार, मरम्मत, पुनर्निर्माण, निर्माण और अवस्थापना सुविधाओं के विकास के लिए 8.16 करोड़ रुपये की धनराशि जारी करने की मंजूरी दे दी है।
कुल 57 अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के लिए अनुदान स्वीकृत किया है। इसके तहत 22 जिलों के 44 विद्यालयों को प्रोजेक्ट अलंकार के कार्यों के लिए दूसरी किस्त के रूप में छह करोड़ 79 लाख रुपये दिए जाएंगे।
वहीं, आठ जिलों के 13 विद्यालयों को तृतीय किस्त के रूप में एक करोड़ 38 लाख रुपये उपलब्ध कराए जाएंगे। यह राशि प्रोजेक्ट अलंकार के तहत विद्यालयों में भवनों के जीर्णोद्धार, मरम्मत, पुनर्निर्माण, नए निर्माण कार्यों और अन्य आवश्यक अवस्थापना सुविधाओं के विकास पर खर्च की जाएगी।
