विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर का दावा, उत्तर प्रदेश में समय पर ही होंगे पंचायत चुनाव

By Digital Desk Edited By: Dharmendra Pandey
Published: Sat, 07 Feb 2026 06:50 PM (GMT+05:30)

UP Panchayat Election 2026: उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव को लेकर पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने बड़ा दावा ...और पढ़ें

पंचायती राज मंत्री एवं सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर

पंचायती राज मंत्री एवं सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर 

HighLights

  1. 28 तारीख को किया जाएगा मतदाता सूची का प्रकाशन

  2. मंत्री ने बताया, प्रदेश के सभी 75 जिलों में पहुंच चुके मतपत्र

डिजिटल डेस्क, जागरण, लखनऊ : उत्तर प्रदेश में इस वर्ष प्रस्तावित पंचायत चुनाव को लेकर योगी आदित्यनाथ सरकार के मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने बड़ा दावा कर दिया है। उत्तर प्रदेश के पंचायती राज मंत्री राजभर शनिवार को सुलतानपुर में थे और मीडिया से बातचीत भी की।

जिला पंचायत सभागार सुलतानपुर में केंद्रीय बजट 2026 को लेकर आयोजित पत्रकार वार्ता में पंचायती राज मंत्री एवं सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने एसआईआर की सीमा बढ़ाने के कारण और पंचायत चुनाव की तिथि लगभग स्पष्ट कर दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पंचायत चुनाव निर्धारित समय पर ही कराए जाएंगे, किसी तरह के भ्रम की आवश्यकता नहीं है।

राजभर ने कहा कि पंचायत चुनाव के लिए मतपत्र छप चुके हैं और 75 जिलों में भेजे जा चुके हैं, जबकि अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 28 तारीख को किया जाएगा। उन्होंने दोहराया कि चुनाव प्रक्रिया तय समय-सारिणी के अनुसार आगे बढ़ेगी। मंत्री ने आगे कहा कि पंचायत चुनाव को लेकर एसआईआर की वजह से भ्रम हो रहा है। इसके बाद बोर्ड परीक्षाएं हैं और फिर जनगणना की योजना है। इन सारी परिस्थितियों के कारण ही भ्रम पैदा हो रहा है, लेकिन उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव अपने समय पर होंगे।

पंचायत चुनाव की तैयारियों में जुटे दल

उत्तर प्रदेश में सभी राजनीतिक दल इन दिनों पंचायत चुनाव की तैयारियों में जुटे हैं। प्रदेश में इस वर्ष अप्रैल-मई में पंचायत चुनाव कराए जा सकते हैं। चुनाव आयोग ने भी इस संबंध में जिला निर्वाचन अधिकारियों को सूचनाओं में विसंगतियों को दूर करने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे कि आगे की प्रक्रिया शुरू की जा सके। चुनाव आयोग के निर्देशों के बाद राजनीतिक गलियारों में भी हलचल तेज हो गई है।

राजभर ने किया विधायक का बचाव

ओम प्रकाश राजभर ने इस दौरान सुभासपा विधायक बेनीराम से जुड़े नाले पर अतिक्रमण हटाने के दौरान नगर निगम टीम को कथित रूप से फोन पर हड़काने के वायरल ऑडियो के मामले में अपने विधायक का बचाव किया। उन्होंने कहा कि ऐसा कोई तथ्य नहीं है। यदि लेखपाल इस तरह का आरोप लगा रहा है तो मोबाइल रिकॉर्डिंग सार्वजनिक करे।

राजभर ने कहा कि इससे पहले भी यह मामला नियम 51 के तहत विधानसभा में उठाया जा चुका है। जहां वास्तव में नाला है, वहां ठेकेदारों ने फ्लैट बनाए गए हैं और वे चाहते हैं कि नाला किसी अन्य की जमीन से निकलवा दिया जाए। विधायक की मांग है कि नाला उसी स्थान से निकले, जहां उसका वास्तविक अस्तित्व है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि नाले की जमीन पर विधायक का कोई मैरिज लॉन नहीं बना है। भूमि की चार बार पैमाइश हो चुकी है। इसके साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित पार्षद पार्टी से प्रेरित होकर बयानबाजी कर रहा है।