लखनऊ में 19 को स्मृति उपवन में होगा मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह
लखनऊ में मुख्यमंत्री 19 को शाम को करीब पांच बजे कांशीराम स्मृति उपवन में शपथ लेंगे। इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ ही भाजपा के अध्यक्ष अमित शाह भी मौजूद रहेंगे।
By Dharmendra PandeyEdited By: Published: Fri, 17 Mar 2017 01:24 PM (IST)Updated: Fri, 17 Mar 2017 06:24 PM (IST)
लखनऊ (जेएनएन)। उत्तर प्रदेश में सत्रहवीं विधानसभा के गठन के लिए चुनाव में प्रचंड बहुमत पाने वाली भारतीय जनता पार्टी की सरकार का गठन 19 मार्च को होगा। फिलहाल केंद्रीय राज्य मंत्री मनोज सिन्हा प्रदेश के मुख्यमंत्री की दौड़ में सबसे आगे चल रहे हैं।
लखनऊ में भारतीय जनता पार्टी के मुख्यमंत्री शाम को करीब पांच बजे कांशीराम स्मृति उपवन में शपथ लेंगे। इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ ही भाजपा के अध्यक्ष अमित शाह भी मौजूद रहेंगे। माना जा रहा है कि कल लखनऊ में भाजपा विधायक दल की बैठक में सीएम का नाम तय होगा।
उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में भारी जीत दर्ज कर भारतीय जनता पार्टी करीब 14 वर्ष बाद सत्ता में वापसी कर रही है। सरकार बनाने की कवायदों के बीच मुख्यमंत्री के नाम को लेकर गहमागहमी बनी है। इसी बीच 19 मार्च को मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसी दिन प्रदेश को नया मुख्यमंत्री मिल जायेगा।
कल लखनऊ में भाजपा विधायकों की बैठक में सीएम के नाम पर औपचारिक मुहर लगेगी। 19 मार्च को सांय 4.30 बजे बजे शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के साथ पूरा सरकारी अमला इस दौरान मौजूद रहेगा। समारोह में भाजपा शासित सभी प्रदेशों के मुख्यमंत्री भी इस कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं। इनके साथ कई महत्वपूर्ण व्यक्ति भी इस दौरान मौजूद रह सकते हैं।
उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव राहुल भटनागर के साथ पुलिस महानिदेशक जावीद अहमद भी शपथ ग्रहण समारोह की तैयारी को परख रहे हैं। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मुख्य सचिव राहुल भटनागर ने सचिवालय में आज एक आपात बैठक बुलाई है।
बैठक में आईजी जोन लखनऊ ए सतीश गणेश, डीआईजी रेंज लखनऊ प्रवीण कुमार, एसएसपी मंजिल सैनी सहित तमाम पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के आने की आहट पाकर ही प्रशासन चौकन्ना हो गया है।कांशीराम स्मृति उपवन एयरपोर्ट के पास है। मुख्य सचिव के साथ डीजीपी ने मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह के लिए स्थान तय किया है।
Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें