यूपी NEET UG-2026 के तहत MBBS और BDS में प्रवेश के लिए 14 सितंबर से होगी काउंसिलिंग, 17 को जारी होगी लिस्ट
उत्तर प्रदेश में NEET UG-2026 के तहत एमबीबीएस और बीडीएस की राज्य कोटे की सीटों पर प्रवेश के लिए दूसरे चरण की ऑनलाइन काउंसलिंग 14 सितंबर से शुरू होगी।

NEET UG-2026 के तहत MBBS और BDS में प्रवेश के लिए 14 सितंबर से शुरू होगी काउंसिलिंग।
HighLights
काउंसलिंग 14 सितंबर से 25 सितंबर तक चलेगी।
ऑनलाइन पंजीकरण 14 से 17 सितंबर सुबह 11 बजे तक।
मेरिट सूची 17 सितंबर शाम को जारी होगी।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। नीट यूजी-2026 के तहत प्रदेश में एमबीबीएस और बीडीएस की राज्य कोटे की सीटों पर प्रवेश के लिए दूसरे चरण की ऑनलाइन काउंसलिंग 14 से शुरू होगी और पूरी प्रक्रिया 25 सितंबर तक पूरी हो जाएगी। चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण महानिदेशक (डीजीएमई) नेहा शर्मा ने समय-सारिणी जारी कर दी है।
मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (एमसीसी) के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार होने वाली यह काउंसलिंग राजकीय, निजी मेडिकल, डेंटल कालेजों तथा चिकित्सा विश्वविद्यालयों में संचालित एमबीबीएस और बीडीएस पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए होगी।
ऑनलाइन पंजीकरण 14 को शाम पांच बजे से शुरू होकर 17 की सुबह 11 बजे तक चलेगा। पंजीकरण शुल्क और धरोहर राशि जमा करने की अंतिम तिथि 17 को दोपहर दो बजे तक निर्धारित की गई है। पंजीकृत अभ्यर्थियों की मेरिट सूची 17 की शाम को ही जारी कर दी जाएगी।
मेरिट सूची जारी होने के बाद अभ्यर्थियों को कालेज और पाठ्यक्रम के विकल्प भरने का मौका मिलेगा। ऑनलाइन विकल्प 17 को शाम पांच बजे से 19 को शाम पांच बजे तक भरा जा सकेगा। सीट आवंटन का परिणाम 21 सितंबर को जारी होगा।
सीट आवंटित होने वाले अभ्यर्थी 22 से 25 के बीच आवंटन पत्र डाउनलोड कर प्रवेश की प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे। डीजीएमई ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे प्रवेश प्रक्रिया से जुड़ी नवीनतम जानकारी के लिए upneet.gov.in और dgme.up.gov.in पर नजर बनाए रखें।
वेबसाइट पर अपलोड की गई सूचना को ही आधिकारिक माना जाएगा। प्रक्रिया में किसी तरह का बदलाव होने पर इसकी जानकारी भी इन्हीं आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से दी जाएगी।
