उत्तर प्रदेश में स्नातक और शिक्षक MLC की 11 सीटों के लिए वोटिंग आज, मैदान में 152 प्रत्याशी
विधान परिषद की 11 शिक्षक और स्नातक सीटों के लिए शुक्रवार को मतदान होगा, जिसमें 14.81 लाख मतदाता 2697 मतदेय स्थलों पर वोट डालेंगे।

UP MLC Chunav | उत्तर प्रदेश एमएलसी चुनाव। (AI द्वारा जनरेटेड तस्वीर)
HighLights
11 विधान परिषद सीटों के लिए शुक्रवार को मतदान होगा।
5 स्नातक और 6 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं।
14.81 लाख मतदाता 2697 मतदेय स्थलों पर वोट डालेंगे।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। विधान परिषद की 11 सीटों के लिए शुक्रवार को मतदान होगा। इनमें पांच स्नातक और छह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की सीटें शामिल हैं। मतदान सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक होगा।
इन सीटों पर कुल 14.81 लाख मतदाता पंजीकृत हैं। 72 जिलों में मतदान के लिए 2697 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। चुनाव में कुल 152 प्रत्याशी मैदान में हैं। इस दौरान शराब की दुकानें बंद रहेंगी। वहीं, ऐसे सभी कर्मचारी व शिक्षक जो मतदाता हैं उन्हें वोट डालने के लिए शुक्रवार को विशेष आकस्मिक अवकाश मिलेगा।
स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मेरठ और इलाहाबाद-झांसी सीट शामिल हैं। वहीं, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मेरठ, बरेली-मुरादाबाद और गोरखपुर-फैजाबाद सीट पर चुनाव होगा। कानपुर नगर, कानपुर देहात व उन्नाव को छोड़कर बाकी सभी जगह मतदान होगा। ये जिले कानपुर खंड स्नातक व कानपुर खंड शिक्षक क्षेत्र में आते हैं जिनके सदस्यों का कार्यकाल फरवरी 2029 तक है।
सुबह 8 बजे से मतदान होगा शुरू
स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में 74 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में 78 प्रत्याशी मैदान में हैं। लखनऊ स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 3,13,531 मतदाताओं के लिए 415 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। वाराणसी स्नातक क्षेत्र में 2,88,622 मतदाता 327 मतदेय स्थलों पर वोट डालेंगे।
आगरा स्नातक क्षेत्र में 1,90,725 मतदाताओं के लिए 262 और मेरठ में 1,28,595 मतदाताओं के लिए 382 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। इलाहाबाद-झांसी स्नातक क्षेत्र में 2,64,233 मतदाता 354 मतदेय स्थलों पर मतदान करेंगे।
शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में लखनऊ में 53,179, वाराणसी में 34,887, आगरा में 50,802, मेरठ में 54,125, बरेली-मुरादाबाद में 47,701 और गोरखपुर-फैजाबाद में 54,910 मतदाता हैं।
फोटो और पहचान पत्र लेकर जाना होगा
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि मतदान के लिए मतदाता को फोटो और पहचान पत्र प्रस्तुत करना होगा। इसके न रहने पर आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, पासपोर्ट सहित आयोग द्वारा मान्य वैकल्पिक दस्तावेजों में से कोई एक दिखाकर पहचान स्थापित की जा सकती है।
विधान परिषद चुनाव में चुनाव चिह्न नहीं होते और नोटा का विकल्प भी लागू नहीं है। मतपत्र पर पसंद के प्रत्याशी के नाम के सामने प्राथमिकता अंक में लिखनी होगी। मत को वैध बनाने के लिए कम से कम एक प्रत्याशी के सामने 1 लिखना अनिवार्य है। प्राथमिकता शब्दों में नहीं, अंकों में दर्ज करनी होगी। मतदान के लिए चुनाव आयोग द्वारा दिए जाने वाले एकीकृत बैंगनी रंग के स्केच पेन का इस्तेमाल किया जाएगा।
