MLC Election 2026: विधान परिषद चुनाव में मतदान की हो रही निर्बाध वीडियोग्राफी, हाई कोर्ट में चुनाव आयोग ने दिया भरोसा
Allahabad High Court Lucknow Bench: याचिका पर आयोग की ओर से अदालत को बताया कि निर्वाचन अधिकारियों की पुस्तिका के ...और पढ़ें

इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ खंडपीठ
HighLights
आयोग के आश्वासन पर याचिका निस्तारित
मतदान केंद्रों पर रिकॉर्डिंग की व्यवस्था सुनिश्चित
विधि संवाददाता, लखनऊ : उत्तर प्रदेश विधान परिषद की लखनऊ खंड स्नातक निर्वाचन सीट पर मतदान के दौरान सभी मतदान केंद्रों के भीतर लगातार और निर्बाध वीडियोग्राफी कराई जा रही है। भारतीय निर्वाचन आयोग की ओर से इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ खंडपीठ में यह भरोसा देने के बाद गुरुवार को कोर्ट ने याचिका निस्तारित कर दी।
न्यायमूर्ति आलोक माथुर और न्यायमूर्ति अबधेश कुमार चौधरी की खंडपीठ ने सोमवार को यह आदेश पारित किया। इस याचिका पर आयोग की ओर से अदालत को बताया कि निर्वाचन अधिकारियों की पुस्तिका के प्रावधानों के अनुपालन के लिए पहले ही व्यवस्था की जा चुकी है। मतदान की वीडियोग्राफी आयोग की निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कराई जाएगी। इस आश्वासन के बाद याची की ओर से कहा गया कि उसकी शिकायत का समाधान हो गया है।
लखनऊ खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्याशी शैलेंद्र सिंह ने यह याचिका दाखिल की थी। याची ने नामांकन भी दाखिल किया है और नौ अक्टूबर 2026 को जारी प्रारूप सात-बी की प्रत्याशियों की सूची में उसका नाम क्रमांक 13 पर दर्ज है। याची की मुख्य मांग थी कि मतदान के दिन सभी मतदान केंद्रों के भीतर होने वाली चुनावी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जाए और यह रिकॉर्डिंग लगातार तथा बिना किसी रुकावट के हो। इसके लिए जवाबदेह अधिकारी की निगरानी में व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश देने की मांग की गई थी।
निर्वाचन अधिकारियों की पुस्तिका के प्रावधानों का हवाला
याची ने भारत निर्वाचन आयोग की फरवरी 2016 में प्रकाशित राज्यसभा और राज्य विधान परिषद चुनावों के लिए रिटर्निंग अधिकारियों की पुस्तिका के पैरा 49 का हवाला दिया था। साथ ही, पुस्तिका के अध्याय नौ के पैरा 14 में वीडियोग्राफी के लिए निर्धारित प्रक्रिया का भी उल्लेख किया गया।
11 सीटों के लिए मतदान
उत्तर प्रदेष विधान परिषद की शिक्षक-स्नातक कोटे की 11 सीटों के लिए मतदान हो रहा है। विधान परिषद की 11 सीटों में पांच स्नातक और छह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की हैं। मतदान सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक होगा। कुल 14.81 लाख मतदाता 152 प्रत्याशियों के भाग्य का निर्णय करेंगे। चुनाव के लिए 2697 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मेरठ और इलाहाबाद-झांसी सीट शामिल हैं। वहीं, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मेरठ, बरेली-मुरादाबाद और गोरखपुर-फैजाबाद सीट पर चुनाव होगा। इसकी मतगणना 27 अक्टूबर को होगी।
