विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूपी में 'मिशन कर्मयोगी' से अपग्रेड होंगे टीचर और अधिकारी, योगी सरकार ने सीखने और क्षमता विकास को दी नई रफ्तार

Published: Fri, 11 Sep 2026 05:31 PM (IST)

योगी सरकार उत्तर प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए 'मिशन कर्मयोगी' के तहत शिक्षकों और अधिकारियों की ...और पढ़ें

News Article Hero Image

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक और पारदर्शी बनाने के साथ-साथ अब योगी सरकार इसे गति देने वाले मानव संसाधन (शिक्षकों और अधिकारियों) की कार्यकुशलता बढ़ाने पर जोर दे रही है। इसी क्रम में 'मिशन कर्मयोगी' पोर्टल के माध्यम से बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए न्यूनतम दो कोर्स अनिवार्य रूप से पूरा करने के निर्देश जारी किए गए हैं। इस नई व्यवस्था का उद्देश्य विभागीय कार्यसंस्कृति में निरंतर सीखने की प्रवृत्ति को शामिल करना है।

अधूरे कोर्स वालों पर रहेगा विशेष फोकस

स्कूल शिक्षा महानिदेशक मोनिका रानी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी कार्यालयाध्यक्ष स्वयं कोर्स पूरा करेंगे और अपने अधीन काम करने वाले कर्मचारियों का प्रशिक्षण भी सुनिश्चित कराएंगे। विशेष रूप से उन कर्मचारियों को प्राथमिकता दी जाएगी, जिन्होंने अब तक पोर्टल पर कोई कोर्स पूरा नहीं किया है या जिनका प्रशिक्षण अधूरा है। इस पहल से ट्रेनिंग अब केवल उच्च कार्यालयों तक सीमित न रहकर सीधे विद्यालय स्तर तक पहुंचेगी।

तनाव प्रबंधन और डिजिटल लाइफस्टाइल पर 6 विशेष कोर्स

मिशन कर्मयोगी के बेसिक शिक्षा नोडल और एसआईईटी के निदेशक डॉ. मुकेश चंद्र के मुताबिक, कार्मिकों की सुविधा और आधुनिक जरूरतों को देखते हुए छह विशेष कोर्स का चयन किया गया है। इनमें ‘स्क्रीन टाइम प्रबंधन एवं डिजिटल जीवनशैली’, ‘इंग्लिश वोकैबुलरी’, ‘पूर्व प्राथमिक स्तर के लिए प्रभावी शिक्षण विधियां’, ‘योगा ब्रेक एट वर्कप्लेस’, ‘स्ट्रेस मैनेजमेंट’ और ‘बेसिक्स ऑफ प्रोजेक्ट मैनेजमेंट’ शामिल हैं।

दक्ष मानव संसाधन ही उतारेगा नीतियां धरातल पर

बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह के अनुसार, योगी सरकार शिक्षा व्यवस्था के साथ-साथ उसके मानव संसाधन की क्षमता बढ़ाने को भी समान प्राथमिकता दे रही है। उनका मानना है कि एक दक्ष और संवेदनशील कर्मचारी ही नीतियों को सही मायने में धरातल तक पहुंचा सकता है। वहीं, महानिदेशक मोनिका रानी ने कहा कि हमारा लक्ष्य प्रत्येक कर्मचारी को इस सतत सीखने की प्रक्रिया से जोड़ना है, ताकि बदलते समय के साथ वे स्वयं को अपडेट रख सकें।