खराब मौसम ने लखनऊ से दिल्ली जा रहे विमान को पहुंचाया जयपुर, यूपी के मंत्री सहित कई फंसे
विमान में मंत्री आशुतोष टंडन सहित कई यात्री फंसे। शाम साढ़े 7.30 बजे दिल्ली की ओर भर सका उड़ान।
लखनऊ, जेएनएन। दिल्ली में शुक्रवार को मौसम अचानक खराब हो गया। लखनऊ से दिल्ली जा रहे विमान को अचानक जयपुर डायवर्ट कर दिया गया। करीब तीन घंटे के बाद विमान जयपुर से दिल्ली रवाना हो सका। इसमें दिल्ली जा रहे प्रदेश के मंत्री आशुतोष टंडन सहित कई भाजपा नेता भी फंसे रहे। वहीं, कई उड़ान भी चार घंटे तक प्रभावित रही, जिससे लखनऊ एयरपोर्ट के घरेलू टर्मिनल पर अफरातफरी मची रही।
विस्तारा एयरलाइन का विमान यूके-879 ने शुक्रवार को दोपहर 3:25 बजे दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी। दिल्ली में मौसम खराब होने के कारण विमान को जयपुर डायवर्ट कर दिया गया। शाम करीब साढ़े सात बजे यह विमान दिल्ली रवाना हुआ। वहीं एयर इंडिया का दिल्ली जाने वाला विमान एआइ-812 2:15 घंटे, इंडिगो का विमान 6ई-5004 55 मिनट, 6ई-185 समय से 3:30 घंटे, विस्तारा एयरलाइंस का विमान यूके-835 भी 1:30 घंटे, इंडिगो का विमान 6ई-306 यहां 45 मिनट खड़ा रहा।
जबकि इंडिगो का ही विमान 6ई-212 करीब 40 मिनट, एयर इंडिया की एआइ-412 एक घंटे और एआइ-424 भी सवा घंटे की देरी से उड़ान भर सका। वहीं दिल्ली में भी कई यात्री फंसे रहे। दिल्ली में इंडिगो का विमान 6ई-6528 समय से एक घंटे, 6ई-5043 भी 1:30 घंटे, 6ई-174 भी एक घंटे, 6ई-959 भी 3:15 घंटे की देरी से लखनऊ के लिए उड़ान भर सका।