विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूपी में संवर रहा मेडिकल इंफ्रास्ट्रक्चर, 49 नए मेडिकल कॉलेजों की सौगात; अब 13 हजार से ज्यादा MBBS सीटें

Published: Sun, 13 Sep 2026 08:39 PM (IST)

उत्तर प्रदेश में मेडिकल शिक्षा के बुनियादी ढांचे में ऐतिहासिक विस्तार हुआ है, जहां पिछले आठ वर्षों में 49 नए ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. पिछले 8 वर्षों में 49 नए मेडिकल कॉलेज स्थापित हुए।

  2. उत्तर प्रदेश में कुल एमबीबीएस सीटें 13,600 तक बढ़ीं।

  3. नीट यूजी की दूसरी काउंसलिंग 14 सितंबर से प्रारंभ होगी।

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश में डॉक्टर बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए यह वर्ष नई उम्मीदें लेकर आया है। 14 सितंबर से शुरू हो रही नीट यूजी-2026 (NEET UG) की दूसरी काउंसलिंग से पहले प्रदेश सरकार ने मेडिकल शिक्षा के बुनियादी ढांचे में ऐतिहासिक विस्तार किया है। पिछले आठ वर्षों में प्रदेश में 49 नए मेडिकल कॉलेज खुले हैं और 8,910 नई एमबीबीएस (MBBS) सीटें जोड़ी गई हैं, जिससे प्रदेश में कुल सीटों की क्षमता करीब तीन गुना बढ़कर 13,600 हो गई है।

सरकारी और निजी कॉलेजों में बंपर इजाफा

चिकित्सा शिक्षा में इस बड़े बदलाव का आधार राजकीय और निजी दोनों क्षेत्रों का तेज विस्तार है। 2017 में जहां प्रदेश में मात्र 15 राजकीय मेडिकल कॉलेज थे, वहीं अगस्त 2026 तक इनकी संख्या बढ़कर 45 हो गई है। सरकारी एमबीबीएस सीटों में भी 1,990 से 5,350 तक की बड़ी वृद्धि दर्ज की गई है। इसी तर्ज पर निजी क्षेत्र में भी कॉलेजों की संख्या 21 से बढ़कर 40 हो गई है, जिससे प्रदेश में 5,550 अतिरिक्त निजी एमबीबीएस सीटें जुड़ी हैं।

स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत कर रहा विजन

डीजी मेडिकल एजुकेशन नेहा शर्मा के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का लक्ष्य सिर्फ मेडिकल कॉलेजों की संख्या बढ़ाना नहीं है, बल्कि अस्पतालों, नर्सिंग कॉलेजों और छात्रावासों का विकास कर एक मजबूत स्वास्थ्य तंत्र तैयार करना है। 2012 में जहां प्रदेश में मात्र 2,740 एमबीबीएस सीटें थीं, वहीं आज यह क्षमता बढ़कर 13,600 हो गई है। यह विस्तार आने वाले वर्षों में यूपी को डॉक्टरों की नई पीढ़ी तैयार करने वाले प्रमुख राज्यों की सूची में शीर्ष पर स्थापित करेगा।

मेडिकल शिक्षा का विस्तार: एक नजर में

श्रेणी वर्ष 2017 20 अगस्त 2026
कुल मेडिकल कॉलेज 36 85
राजकीय मेडिकल कॉलेज 15 45
निजी मेडिकल कॉलेज 21 40
कुल एमबीबीएस सीटें 4,690 13,600
राजकीय क्षेत्र की सीटें 1,990 5,350
निजी क्षेत्र की सीटें 2,700 8,250

नीट यूजी (NEET UG) दूसरी काउंसलिंग का शेड्यूल

  • ऑनलाइन पंजीकरण: 14 सितंबर (शाम 5 बजे) से 17 सितंबर (सुबह 11 बजे) तक

  • मेरिट सूची जारी: 17 सितंबर 2026

  • च्वाइस फिलिंग: 17 सितंबर (शाम 5 बजे) से 19 सितंबर (शाम 5 बजे) तक

  • सीट आवंटन परिणाम: 21 सितंबर 2026

  • प्रक्रिया समापन: 25 सितंबर 2026