यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो: ग्रेटर नोएडा में जुटेंगे उद्योग-व्यापार, जिलों को अधिकतम भागीदारी के निर्देश
ग्रेटर नोएडा में होने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो को प्रदेश के औद्योगिक और व्यापारिक नेटवर्क से जोड़ने की तैयारी तेज हो गई है।

यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो। (तस्वीर- फाइल)
HighLights
यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो की तैयारी तेज, ग्रेटर नोएडा में होगा आयोजन।
मुख्य सचिव ने जिलों से अधिकतम औद्योगिक-व्यापारिक भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा।
व्यापक प्रचार अभियान चलाने और छात्रों को भी जोड़ने के निर्देश।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। ग्रेटर नोएडा में होने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो को प्रदेश के औद्योगिक और व्यापारिक नेटवर्क से जोड़ने की तैयारी तेज हो गई है।
मुख्य सचिव एसपी गोयल ने बुधवार को सभी मंडलायुक्तों और जिलाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने जिलों से अधिक से अधिक उद्योग-व्यापार संगठनों, खरीदारों और आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करें। इसके लिए समाचार पत्रों से लेकर इंटरनेट मीडिया, होर्डिंग, बस-आटो पोस्टर और रेडियो जिंगल तक व्यापक प्रचार अभियान चलाया जाए।
मुख्य सचिव ने औद्योगिक व व्यापारिक संगठनों के साथ विश्वविद्यालयों और कालेजों के छात्रों को भी आयोजन में भाग लेने के लिए प्रेरित करने को कहा है। ग्रेटर नोएडा के आसपास के मंडलों और जिलों पर विशेष फोकस रखने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में नेशनल अप्रेंटिसशिप प्रमोशन स्कीम की भी समीक्षा हुई। मुख्य सचिव ने जिलाधिकारियों को जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक और संबंधित अधिकारियों के साथ नियमित समीक्षा बैठकें करने के निर्देश दिए।
उन्होंने उद्योगों और सरकारी विभागों के बीच समन्वय मजबूत कर स्थानीय युवाओं को कौशल विकास और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया। अप्रेंटिसशिप के पंजीकरण और प्लेसमेंट के निर्धारित लक्ष्य समय से पूरा करने के भी निर्देश दिए गए।
