विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

योगी सरकार का मेगा प्लान: MSME, स्टार्टअप्स; शिल्पकारों और निर्यातकों को ग्लोबल मार्केट से जोड़ने की सीधी पहल

Published: Fri, 18 Sep 2026 06:02 PM (IST)

उत्तर प्रदेश को देश का नंबर वन औद्योगिक और निवेश केंद्र बनाने के लिए ग्रेटर नोएडा में 25 से 29 ...और पढ़ें

News Article Hero Image

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश को देश का नंबर वन औद्योगिक और निवेश केंद्र बनाने के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन को एक बार फिर वैश्विक मंच मिलने जा रहा है। प्रदेश के औद्योगिक सामर्थ्य, निवेश संभावनाओं और निर्यात क्षमता को दुनिया के सामने प्रदर्शित करने के लिए ग्रेटर नोएडा में 25 से 29 सितंबर तक चौथे यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2026 का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस मेगा इवेंट में राज्य के विभिन्न विभागों, विकास प्राधिकरणों, एमएसएमई (MSME), ओडीओपी (ODOP) उद्यमियों और निर्यातकों का महाकुंभ सजेगा, जो निवेशकों और खरीदारों के लिए कारोबारी साझेदारी के नए दरवाजे खोलेगा।

इन्फ्रास्ट्रक्चर और निवेश: एक छत के नीचे आएंगे प्रदेश के बड़े संस्थान

ट्रेड शो को सेक्टर्स के हिसाब से अलग-अलग हॉल्स में बांटा गया है ताकि निवेशकों को यूपी की खूबियां समझने में आसानी हो। हॉल 1 और 3 में प्रदेश के प्रमुख निवेश और इन्फ्रास्ट्रक्चर संस्थानों— इन्वेस्ट यूपी, यूपीडा (UPEIDA), यूपीसीडा (UPSIDA), नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और यीडा (YEIDA) का दबदबा रहेगा। वहीं, हॉल 4 में ‘यूपी एट अ ग्लांस’ के जरिए पूरे प्रदेश की विकास क्षमता की झलक दिखेगी। इसके अलावा हॉल 5 से 8 तक आईटी, इलेक्ट्रॉनिक्स, पर्यटन, कौशल विकास, ऊर्जा, स्वास्थ्य और उच्च शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण सेक्टर अपनी उपलब्धियां और अवसर प्रदर्शित करेंगे।

लोकल टू ग्लोबल: ODOP और MSME की ताकत से सजेगा बाजार

यूपी की अर्थव्यवस्था की रीढ़ माने जाने वाले एमएसएमई और 'एक जिला एक उत्पाद' (ODOP) को इस ट्रेड शो में विशेष फोकस में रखा गया है। हॉल 9 और 10 पूरी तरह से ओडीओपी उत्पादों, नए उद्यमियों और एमएसएमई के लिए समर्पित होंगे। इसके साथ ही, हॉल 11 और 12 में कृषि, डेयरी विकास, खाद्य प्रसंस्करण (फूड प्रोसेसिंग), आयुष, और जीआई (GI) टैग वाले उत्पादों की प्रदर्शनी लगेगी। यह मंच ग्रामीण उद्यमिता और पारंपरिक उत्पादों को सीधा ग्लोबल खरीदारों से जोड़ेगा, जिससे स्थानीय ब्रांड्स को नई पहचान मिलेगी।

लॉजिस्टिक्स और निर्यातकों को मिलेगा व्यापार विस्तार का मौका

उत्तर प्रदेश के उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने के लिए लॉजिस्टिक्स और एक्सपोर्ट सेक्टर की भूमिका अहम है। इसे ध्यान में रखते हुए हॉल 14 से 17 तक निर्यातकों, वेयरहाउसिंग, लॉजिस्टिक्स, टेक्सटाइल, स्पोर्ट्स और मुख्यमंत्री युवा योजना से जुड़े क्षेत्रों को जगह दी गई है। क्रेडाई (CREDAI) और परिवहन सेक्टर भी यहां अपनी मौजूदगी दर्ज कराएंगे, जिससे प्रदेश में निवेश और व्यापार के संपूर्ण इकोसिस्टम का शानदार प्रदर्शन होगा।

विकास प्राधिकरणों का जमावड़ा और डिजिटल रजिस्ट्रेशन

ट्रेड शो के फोयर (Foyer) एरिया में लखनऊ, कानपुर, वाराणसी, आगरा, मेरठ, गाजियाबाद और बुंदेलखंड जैसे प्रमुख विकास प्राधिकरणों (Development Authorities) का जमावड़ा होगा। यह क्षेत्रवार औद्योगिक विकास और रियल एस्टेट की संभावनाओं को निवेशकों के सामने रखेगा। आयोजन को सफल बनाने के लिए उद्योग संगठनों, चैंबरों, विश्वविद्यालयों और सरकारी विभागों को आमंत्रण भेजे जा रहे हैं। वहीं, बी2बी (B2B) और बी2सी (B2C) खरीदारों के लिए क्यूआर कोड के जरिए तेजी से डिजिटल पंजीकरण प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।