संकल्प सिद्धि के रूप में मनाएं जश्न-ए-आजादी का 72वां वर्ष : राज्यपाल
राज्यपाल राम नाईक ने महानुभावों से भेंट कर उन्हें स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी और स्वतंत्रता के 72वें वर्ष को संकल्प सिद्धि के रूप में मनाने का आह्वान किया।
लखनऊ (जेएनएन)। राज्यपाल राम नाईक ने बुधवार शाम राजभवन में आयोजित एक समारोह में कई महानुभावों से भेंट कर उन्हें स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी और स्वतंत्रता के 72वें वर्ष को संकल्प सिद्धि के रूप में मनाने का आह्वान किया। उन्होंने भेंट करने आए सरकार के प्रतिनिधियों से कहा कि प्रदेश को सर्वोत्तम प्रदेश बनाने का प्रयास करें। मुलाकात करने वालों में मंत्री आशुतोष टण्डन, राज्यमंत्री डॉ. महेन्द्र सिंह, पूर्व राज्यपाल सैय्यद सिब्ते रजी, पूर्व सांसद लालजी टण्डन, पूर्व मंत्री डॉ. अम्मार रिजवी, पूर्व मंत्री स्वरूप कुमारी बख्शी, मुख्य सचिव डॉ. अनूप चन्द्र पाण्डेय, मुख्य सूचना आयुक्त जावेद उस्मानी सहित कई अन्य गण्यमान्य लोग थे। इससे पहले राज्यपाल ने शहीदों को नमन किया और कहा कि उत्तर प्रदेश ने देश की आजादी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। स्वतंत्रता दिवस के दिन हमें यह विचार करना चाहिए कि आजादी का लाभ आम आदमी तक पहुंचा या नहीं। स्थिति का आकलन कर नए संकल्प के साथ आगे बढऩे की जरूरत है।
गांधी की 150वीं जयंती पर बड़े आयोजन
राज्यपाल ने कहा कि राज्य सरकार ने उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस का आयोजन कर प्रदेश को नई पहचान दी है। इससे पहले सुबह राज्यपाल ने राजभवन में झंडारोहण कर पुलिस गार्ड की सलामी ली। राज्यपाल ने कहा कि आगामी दो अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जयंती है। पूरे देश में बड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उत्तर प्रदेश में इसे वृहद रूप से मनाया जाएगा। तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। महात्मा गांधी ने जिस रामराज्य की परिकल्पना की थी उसे सिद्ध करना होगा। इसके लिए सभी को आगे आना होगा।