UP सरकार के कर्मचारी बिना परमिशन नहीं ले सकते गिफ्ट, ऑफिस में तंबाकू खाने पर भी प्रतिबंध
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों के लिए नया फरमान जारी किया है।
लखनऊ, जेएनएन। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों के लिए नया फरमान जारी किया है। सीएम योगी के इस फरमान के बाद कोई भी सरकारी कर्मचारी या अधिकारी बिना परमिशन के किसी भी प्रकार का उपहार स्वीकार नहीं कर सकता है। इसके अलावा कार्यालय में तंबाकू, पान मसाला, तंबाकू से बने अन्य पदार्थ का सेवन करते या पीक थूकते पाया जाएगा तो उससे सफाई सहयोग शुल्क के लिए रूप में 500 रुपये वसूले जाएंगे। इस आदेश के मुताबिक कोई भी व्यक्ति सचिवालय या दूसरी सरकारी इमारतों में किसी भी प्रकार का गिफ्ट नहीं ला सकता है।
सचिवालय परिसर में तंबाकू सेवन पर रोक के लिए कई शासनादेश जारी हो चुके हैं। अब इस पर रोक के लिए एक और कदम उठाया जा रहा है। मुख्य सचिव डॉ. अनूप चंद्र पांडेय ने आदेश दिए हैं कि कोई भी व्यक्ति परिसर में तंबाकू, पान मसाला, तंबाकू से बने अन्य पदार्थ का सेवन करते या पीक थूकते पाया जाएगा तो उससे सफाई सहयोग शुल्क के लिए रूप में 500 रुपये वसूले जाएंगे। वहीं, ऐसा करते हुए कोई बाहरी व्यक्ति पाया गया तो उससे शुल्क वसूली के साथ ही सचिवालय प्रवेश पत्र भी निरस्त कर दिया जाएगा। इसके अलावा परिसर में अस्त्र-शस्त्र और उपहार-भेंट आदि की वस्तु ले जाने के प्रतिबंध को भी प्रभावी बनाया जाएगा।
माना जाता है कि गिफ्ट सरकारी कर्माचारियों को घूस देने का अच्छा साधन होता है। इसी को देखते हुए योगी आदित्यनाथ सरकार ने यह आदेश दिया है। इस आदेश के अनुसार सरकारी कर्मचारी भी आला अधिकारियों की इजाजत के बिना कोई भी उपहार नहीं ले सकते। सभी मंत्रियों को भी इस फरमान से अवगत करा दिया गया है।इसके अलावा सरकारी इमारतों में आग्नेयास्त्रों की भी एंट्री को बैन कर दिया है। कई विधायक और ठेकेदार अपने व्यक्तिगत सुरक्षाकर्मियों के साथ सरकारी इमारतों में अक्सर देखे जाते हैं। इन सुरक्षाकर्मियों को राइफल और पिस्तौल के साथ देखा जाता है जो एक डराने वाला दृश्य हो सकता है।