विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

एक ही बर्तन में वेज-नॉनवेज, आटे में कीड़े, यूपी में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई; 110 से अधिक रेस्टोरेंट को नोटिस

Published: Tue, 22 Sep 2026 06:07 AM (IST)

खाद्य सुरक्षा विभाग ने 'शुद्ध ही शुभ है' अभियान के तहत यूपी के पांच महानगरों में 180 से अधिक फास्ट ...और पढ़ें

यह तस्वीर एआई के द्वारा बनाई गई है।

यह तस्वीर एआई के द्वारा बनाई गई है।

HighLights

  1. 'शुद्ध ही शुभ है' अभियान के तहत 5 शहरों में जांच।

  2. कानपुर, आगरा सहित कई जगह गंदगी, कीड़े और अनियमितताएँ मिलीं।

  3. 12 प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित, 110 से अधिक को सुधार नोटिस।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। मिलावटी और दूषित खाद्य पदार्थों पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने सोमवार को ‘शुद्ध ही शुभ है’ अभियान के तहत पांच महानगरों में फास्ट फूड चेन और रेस्टोरेंट की जांच की। कानपुर नगर, आगरा, गाजियाबाद, प्रयागराज और वाराणसी में 180 से अधिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। गंभीर कमियां मिलने पर 110 से अधिक सुधार सूचनाएं जारी की गईं।

12 प्रतिष्ठानों और एक फूड कोर्ट का लाइसेंस निलंबित कर कारोबार बंद कराया गया।कानपुर नगर में 38 टीमों ने 52 इकाइयों की जांच की। फूड कोर्ट में गंदगी और दूषित वातावरण मिलने पर वहां संचालित सभी प्रतिष्ठानों को सुधार होने तक बंद करने की कार्रवाई की गई। ला पीनोज पिज्जा, सैफियर माल में कीड़ों का संक्रमण मिला और वेज व नानवेज के लिए एक ही बर्तनों का इस्तेमाल पाया गया।

खराब गुणवत्ता का पनीर मिलने पर लाइसेंस निलंबित किया गया। अन्य प्रतिष्ठानों में निर्माण और समाप्ति तिथि व सामग्री का विवरण नहीं मिला। बिरयानी क्वीन में आटे में कीड़े और तेल व निर्माण क्षेत्र में अत्यधिक गंदगी मिली। कई जगह खाद्य पदार्थ अस्वच्छ वातावरण में रखे मिले। आगरा में द पार्क रेस्टोरेंट, सदर बाजार में स्वच्छता मानकों की अनदेखी सामने आई।

गाजियाबाद में 36 टीमों ने 80 फास्ट फूड इकाइयों का निरीक्षण किया और कमियां दूर करने के निर्देश दिए। प्रयागराज में 15 टीमों ने 30 इकाइयों की जांच की। आर्यन फैमिली डेलाइट, पीवीआर माल में कच्चे माल और पकाए गए खाद्य पदार्थों के भंडारण की व्यवस्थित व्यवस्था नहीं मिली। कच्चे मीट की गुणवत्ता संदिग्ध पाई गई। वाराणसी में 20 टीमों ने 40 इकाइयों की पड़ताल की।

कैफे काफी डे ग्लोबल लिमिटेड, सारनाथ बिल्डिंग, महमूरगंज में क्षतिग्रस्त फाल्स सीलिंग, गंदा स्टोरेज एरिया और शौचालय मिला। इससे खाद्य पदार्थों के दूषित होने की आशंका जताई गई। ला पीनोज, मियां महल, अर्दली बाजार में डस्टबिन के आसपास कीड़े पाए गए। विभाग ने कहा कि जांच में मिली कमियों को दूर कराने के लिए प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस दिए गए हैं। जिन इकाइयों में खाद्य सुरक्षा मानकों का गंभीर उल्लंघन मिला, वहां लाइसेंस निलंबित कर कारोबार बंद कराया गया है।

यह भी पढ़ें- 'आर्य समाज मंदिर का प्रमाणपत्र अकेले हिंदू विवाह का प्रमाण नहीं', हाई कोर्ट से SSB अधिकारी को राहत