विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूपी में सभी एक्सप्रेसवे पर कम होगी वाहनों की रफ्तार, यूपीडा ने तय की नई स्पीड लिमिट

Published: Fri, 23 Oct 2026 09:25 PM (IST)

यूपीडा ने सर्दियों में कोहरे के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए उत्तर प्रदेश के सभी एक्सप्रेसवे पर सुरक्षा उपाय लागू करने के निर्देश दिए हैं।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. यूपीडा ने एक्सप्रेसवे पर सड़क सुरक्षा उपाय लागू किए।

  2. कोहरे के कारण वाहनों की गति सीमा घटाई जाएगी।

  3. सुरक्षा दल 24 घंटे सक्रिय रहेंगे, निगरानी बढ़ेगी।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। सर्दियों में कोहरे के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) ने प्रदेश के सभी एक्सप्रेसवे पर सुरक्षा उपायों को सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए हैं।

आगरा-लखनऊ, पूर्वांचल, बुंदेलखंड, गोरखपुर लिंक और गंगा एक्सप्रेसवे पर वाहनों की गति सीमा घटाने के साथ निगरानी बढ़ाई जाएगी। सभी संबंधित एजेंसियों को 31 अक्टूबर तक आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश यूपीडा ने दिए हैं।

यूपीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी दीपक कुमार ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। कोहरे के दौरान दुर्घटनाओं को रोकने के लिए गति सीमा का पालन कराने, आपातकालीन सेवाओं को सक्रिय रखने और सड़क सुरक्षा से जुड़ी सुविधाओं को मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं।

इस संदर्भ में उनकी तरफ से जारी निर्देशों के अनुसार पहली नवंबर से 15 नवंबर तक हल्के वाहनों के लिए सुबह आठ से रात आठ बजे तक अधिकतम गति सीमा 100 और रात में आठ से सुबह आठ बजे तक 80 किलोमीटर प्रति घंटा होगी। 15 नवंबर से इसे घटाकर दिन में 80 और रात में 60 किलोमीटर प्रति घंटा कर दिया जाएगा।

मध्यम एवं भारी यात्री वाहनों की गति सीमा शुरुआती अवधि में दिन में 80 और रात में 60 किलोमीटर प्रति घंटा रहेगी। बाद में यह क्रमशः 60 और 50 किलोमीटर प्रति घंटा होगी। मालवाहक वाहनों के लिए दिन में 60 और रात में 50 किलोमीटर प्रति घंटा की सीमा निर्धारित की गई है, जिसे 15 नवंबर से घटाकर 50 और 40 किलोमीटर प्रति घंटा किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि 50 मीटर से कम दृश्यता होने पर सुरक्षा दल पुलिस के समन्वय से वाहनों को निकटवर्ती टोल प्लाजा, पेट्रोल पंप, रेस्तरां या अन्य सुरक्षित स्थानों तक पहुंचने का मार्गदर्शन देंगे। जरूरत पड़ने पर वाहनों को समूह में आगे रवाना किया जाएगा। एंबुलेंस और गश्ती दल 24 घंटे सक्रिय रहेंगे।

साथ ही ज्यादा कोहरा पड़ने पर वाहनों को सुरक्षित स्थानों पर रोका जाएगा। टोल प्लाजा पर उद्घोषणा, रेडियो के माध्यम से जागरूकता और प्रवेश-निकास बिंदुओं पर सुरक्षा संदेश प्रसारित होंगे।

यह भी पढ़ें- यूपी के कर्मचारियों को सीएम योगी का तोहफा, दीवाली से पहले बोनस देने की तैयारी में सरकार